बसंतपुर थानेदार सस्पेंड, ज्वेलरी लूटकांड के बाद की गई कार्रवाई

Mar 10, 2026 11:02 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की घटना हुई। चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर अरुण ज्वेलर्स से आभूषण और नकद लूटे। पुलिस ने विशेष जांच दल का गठन किया है और थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है।

बसंतपुर थानेदार सस्पेंड, ज्वेलरी लूटकांड के बाद की गई कार्रवाई

सीवान। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सोनारपट्टी मस्जिद के समीप स्थित अरुण ज्वेलर्स की दुकान में दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। थाने से महज कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना में लापरवाही उजागर होने पर जिला पुलिस कप्तान पूरन कुमार झा ने यह कार्रवाई की है। घटना की सूचना मिलने के बाद सारण क्षेत्र के डीआईजी और पुलिस अधीक्षक सीवान ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले की जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों ने दुकान संचालक और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस के अनुसार सोमवार को करीब तीन बजे बसंतपुर थाना को घटना की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अपराधियों ने दुकान की तिजोरी से कुछ आभूषण, चांदी के बर्तन तथा नकद राशि लूट ली। लूटे गए सामान का सही आकलन किया जा रहा है। घटना के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महाराजगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। इस मामले में बसंतपुर थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने बसंतपुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।