छत के ऊपर से गुज़र रहे हाई वोल्टेज तार के झटके से बचा युवक
हुसैनगंज में नूर आलम साहब के घर के पास जर्जर बिजली पोल से बिजली का तार गुजर रहा है। बारिश के बाद युवक सिराज हुसैन को बिजली का झटका लगा। घर में शादी के दो हफ्ते पहले यह चिंता का विषय है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग किसी बड़ी घटना के बाद ही जागेगा।

हुसैनगंज, निज संवाददाता। हुसैनगंज दक्खिन मोहल्ला के निवासी नूर आलम साहब के घर के पास स्थित लगभग दो दशक से अधिक जर्जर हो चुके सीमेंट के बिजली पोल से पश्चिम व दक्खिन दिशा में बिजली का तार गुजर रहा है।
बिजली पोल का झुकाव
पश्चिम दिशा में तार का खिंचाव अधिक होने के कारण बिजली पोल पश्चिम दिशा में झुकता जा रहा है। इस कारण दक्खिन दिशा की तरफ जा रहा बिजली का तार नूर आलम साहब के छत की दीवार के ऊपर से गुज़र रहा है। बुधवार शाम की बारिश के बाद गीले चारदीवारी पर सुबह कपड़ा डालने के दौरान उनके घर के युवक सिराज हुसैन को बिजली का जोरदार झटका लगा। हालांकि युवक ने जल्दी से खुद को दीवार से दूर कर लिया जिस से बाल बाल बच गया।
घबराहट का माहौल
घर के लोग घबराए हुए हैं क्योंकि 2 हफ्ते बाद घर में शादी है और बिजली के तार से कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस तार को हटाने के लिए व बिजली पोल को सीधा करने के लिए हुसैनगंज जेई इंद्रजीत सिंह को घर के सदस्यों के द्वारा संपर्क किया गया और इसकी तस्वीर व वीडियो भी भेजी गई। किंतु डेढ़ महीने गुजर जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई और बिजली पोल का झुकाव लगातार बढ़ता जा रहा है जिस से ग्रामीणों को डर है कि आंधी के वक्त पोल गिर जाएगा जिस से बड़ी अनहोनी हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग किसी बड़ी घटना के बाद नींद से जागेगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


