लीड रिवाईज : लूट के दौरान गोली लगने से जख्मी सीएसी संचालक की मौत
बभनौली गांव में सीएसपी संचालक अशोक पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई और पांच लाख रुपये लूट लिए गए। रविवार रात लखनऊ के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस अपराधियों की पहचान नहीं कर पाई है, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश बढ़ रहा है।

पचरुखी, एक संवाददाता। सराय थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के समीप सीएसपी संचालक को गोली मारकर पांच लाख रुपये लूट की सनसनीखेज घटना ने अब और गंभीर मोड़ ले लिया है। जख्मी सीएसपी संचालक व कल्याणपर गांव निवासी अशोक पटेल की रविवार देर रात लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे इलाके में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी चरम पर है। मृतक अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी एकमात्र बेटी प्रदेश से बाहर रहकर मेडिकल की तैयारी कर रही है, जबकि छोटा भाई विदेश में मजदूरी करता है।
ईरान-अमेरिका तनाव के कारण प्रभावित उड़ानों की वजह से वह अंतिम संस्कार में शामिल होने समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। परिवार में इस दर्दनाक घटना से कोहराम मचा हुआ है। इधर, घटना के चौथे दिन भी पुलिस न तो अपराधियों की पहचान कर सकी है और न ही उनकी गिरफ्तारी हो पाई है। इससे आम लोगों और व्यवसायियों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसडीपीओ के नेतृत्व में चल रही छापेमारी घटना के बाद एसपी पूरन कुमार झा के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एसआईटी और स्थानीय पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थानेदार का कहना है थानाध्यक्ष विकास कुमार विट्टू का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, पुलिस की अब तक की निष्क्रियता से जनता का धैर्य जवाब देने लगा है और इलाके में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


