दरौली: सरयू नदी पर बने पीपा पुल पर हादसे की बढ़ी आशंका
दरौली प्रखंड के पंचमंदिरा घाट पर बना पीपा पुल बदहाल स्थिति में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की जर्जर हालत के कारण बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग से पुल की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है।

गुठनी, एक संवाददाता। दरौली प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचमंदिरा घाट पर गंडक नदी पर बना पीपा पुल इन दिनों बदहाल स्थिति में है।
पुल की जर्जर हालत
पुल की जर्जर हालत के कारण इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि पुल पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। यह पीपा पुल बिहार के दरौली प्रखंड को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से जोड़ता है। पुल का निर्माण और रखरखाव उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाता है। बावजूद इसके इसकी मरम्मत और देखरेख में लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। यात्रियों के अनुसार, पुल पर लगी लोहे की कई चादरें अपनी जगह से हट चुकी हैं। वहीं लकड़ी के स्लीपरों के बीच कई स्थानों पर खाली जगह बन गई है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के फंसने या दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। पुल की लोहे की रेलिंग भी कई जगहों पर टूट चुकी है।
बालू से ढंके लोहे के प्लेट
बढ़ी परेशानी दियारा क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए बालू पर लोहे के प्लेट लगाए गए थे, लेकिन अब वे पूरी तरह बालू में दब गए हैं। ऐसे में वाहन चालकों को रास्ते का अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। कई बार वाहन फिसलने और अनियंत्रित होने की स्थिति भी बन रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपा पुल चालू रहने से दरौली से बलिया की दूरी काफी कम हो जाती है। जहां सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, वहीं पीपा पुल के जरिए यह सफर करीब डेढ़ घंटे में पूरा हो जाता है। इसके अलावा वाराणसी जाने वाले यात्रियों को भी लगभग 50 किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ती है। किसान और व्यवसायी भी इसी मार्ग का अधिक उपयोग करते हैं। ग्रामीणों और यात्रियों ने उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग से अविलंब पुल की मरम्मत कराने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


