श्रीराम जानकी पथ का निर्माण तेज, आइए जानें, सीवान में कहां- कहां बनेगा टॉल प्लाजा
भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या को जनकपुर से जोड़ने वाली रामजानकी पथ का निर्माण कार्य सीवान में चल रहा है। सीवान-मशरुख रुट पर 1399 करोड़ की लागत से 50.123 किमी और सीवान-मेहरौना रुट पर 1254 करोड़ की लागत से 41 किमी का निर्माण होना है। मुआवजा की धीमी गति से स्थानीय लोग नाराज हैं।

(सीवान से अनीश पुरुषार्थी)। भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या को जनकपुर से जोड़ने वाली रामजानकी पथ का निर्माण कार्य जिले में दो रुटों पर किया जा रहा है। इस क्रम में सीवान-मशरुख रुट एनएच 227-ए पर एनएचआई जबकि सीवान-मेहरौना रुट पर आरसीडी द्वारा निर्माण कार्य कराया जाना है। सीवान-मशरुख रुट पर 1399 करोड़ की लागत से 50.123 किमी जबकि मेहरौना से सीवान तक लगभग 1254 करोड़ की लागत से 41 किमी रामजानकी पथ का निर्माण होना है। निर्माण कार्य से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, सीवान-मेहरौना रुट पर गोरेयाकोठी प्रखंड के लहेजी व सीवान-मशरुख रुट पर जतौर में टॉल प्लाजा निर्माण प्रस्तावित है। दोनों ही रुट पर वर्तमान में पुल-पुलिया निर्माण के साथ ही मिट्टी भराई का कार्य चल रहा है।
मुआवजा भुगतान की गति धीमी होने से नाराजगी
सीवान-मेहरौना रुट में मुआवजा भुगतान की गति धीमी होने से नाराजगी भी साफ दिख रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमि अधिग्रहित करने के बाद भी मुआवजा की राशि अबतक नहीं मिली है। बताया जा रहा कि सीवान-मेहरौना रुट में मुआवजा भुगतान की गति काफी धीमी है। जिला भू अर्जन कार्यालय द्वारा जमीन व भवन मद में अबतक साढ़े आठ सौ करोड़ रुपये में सिर्फ एक सौ 38 करोड़ रुपये का भुगतान ही किया गया है। बताते हैं कि विभाग व सरकारी की सुस्ती से दो वर्षों से ठेकेदार व कर्मी बैठे हुए हैं।
सीवान-मशरुख रुट में कुल आवंटन 467.92 करोड़ रुपये का
जिला भू अर्जन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, रामजानकी पथ निर्माण में सीवान-मशरुख रुट में कुल आवंटन 467.92 करोड़ रुपये का है। इसके एवज में अबतक 334.85 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है। शेष प्रक्रियाधीन है। वहीं, रामजानकी पथ सीवान-मेहरौना रुट में कुल आवंटन 535.23 करोड़ रुपये का है। इसके एवज में अबतक 137.21 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इधर, भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या को जनकपुर से जोड़ने वाली रामजानकी पथ का निर्माण कार्य पूरा होने से जहां अयोध्या से जनकपुर तक की यात्रा करना सुगम हो जायेगा, बल्कि इससे सामाजिक, सांस्कृतिक व आर्थिक स्तर पर भी जिले का चातुर्दिक विकास होगा। इस पथ के निर्माण से आय के साधन भी बढ़ेंगे। जानकार बताते हैं कि जिले के चातुर्दिक विकास में रामजानकी पथ मिल का पत्थर साबित होगा।
सीवान-मशरुख रुट एनएच 227-ए पर बनेगा 145 पुल-पुलिया
सीवान-मशरुख रुट एनएच 227-ए पर निर्माणाधीन राम जानकी पथ पर कुल 145 पुल-पुलिया बनाया जाना है। मेधा कंस्ट्रक्शन कंपनी के महाप्रबंधक आरके सिंह ने बताया कि मिट्टी भराई व पुल-पुलिया का निर्माण कार्य जारी है। इस क्रम में सीवान-मशरख रुट पर 145 पुल-पुलिया बनाना है। इसमें माइनर ब्रिज की संख्या 20, मेजर ब्रिज 2, एलवीयूटी 3, वीयूटी 12, एसवीयूपी 1, दो फ्लाई ओवर, एक आरओबी बनाना प्रस्तावित है। इसके अलावा सीवान-मशरुख रुट एनएच 227-ए पर निर्माणाधीन राम जानकी पथ में गोरेयाकोठी के लहेजी में टॉल प्लाजा निर्माण कार्य प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2027 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लेना है। इधर, सीवान-मशरुख रुट पर कंस्ट्रक्शन का कार्य जारी है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि इस रुट पर छोटा-बड़ा 47 पुल-पुलिया बनाना है। इसमें 2 आरओबी व 14 ब्रिज शामिल है। उन्होंने बताया कि गुठनी प्रखंड के जतौर में टॉल प्लाजा निर्माण प्रस्तावित है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि जिला भू अर्जन कार्यालय द्वारा जमीन व भवन मद में अबतक साढ़े आठ सौ करोड़ राशि में सिर्फ एक सौ 38 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
क्या कहते अधिकारी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक राजू कुमार ने बताया कि सीवान-मशरख रुट पर एनएचएआई व सीवान-मशरख रुट पर आरसीडी द्वारा रामजानकी पथ का निर्माण कराया जा रहा है। सीवान-मशरुख रुट में 15 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। गोरेयाकोठी के लहेजी में टॉल प्लाजा बनाया जाना है। कई स्थानों पर मुआवजा भुगतान कई कारणों से पूर्ण नहीं है। इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


