हुसैनगंज से मकान मालिक गए सऊदी घूमने, इधर चोरों ने उदय 12 लाख की संपत्ति
गोपालपुर के हथौड़ा गांव में चोरों ने बंद मकान में घुसकर लाखों रुपये की चोरी की। पीड़ित परिवार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चोरों ने 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 1 लाख रुपये नकद चुराए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

गोपालपुर, निज संवाददाता। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सीवान-आंदर मुख्य मार्ग पर स्थित हथौड़ा गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़िता फातिमा रफी अहमद ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उनके मायके वाले कुछ दिन पहले मकान में ताला बंद कर सऊदी अरब चले गए थे। उनका ससुराल और मायका आमने-सामने चंद कदम की दूरी पर स्थित है, जिस कारण वे नियमित रूप से मकान पर नजर रखती थीं। बीते 14 फरवरी की सुबह उनके ससुर मकान के पीछे गए, जहां उन्होंने पीछे का दरवाजा खुला हुआ देखा।
इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलने पर जब परिजन मकान के अंदर पहुंचे तो देखा कि मुख्य गेट टूटा हुआ था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दो अलमारियां तोड़कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 1 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे। खास बात यह रही कि चोरों ने केवल कीमती सामान पर ही हाथ साफ किया और अन्य घरेलू वस्तुओं को नहीं छुआ। घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा संभावित मार्गों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


