
बायोमेट्रिक मशीन में दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही अब स्वास्थ्यकर्मियों को मिलेगा वेतन
सीवान में स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए दैनिक बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम से हाजिरी अनिवार्य कर दी गई है। सिविल सर्जन के निर्देशानुसार, सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अपनी उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन पर दर्ज करानी होगी। जिन संस्थानों पर मशीनें नहीं हैं, वहां जल्द ही स्थापित की जाएंगी।
सीवान, निज प्रतिनिधि। स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता व अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दैनिक बोयोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के माध्यम से हाजिरी दर्ज कराना अब अनिवार्य है। जिले के सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों व कर्मियों के लिए सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी एक पत्र में यह निर्देश दिया गया है। जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि पदाधिकारियों व कर्मियों का वेतन/मानदेय का भुगतान अब दैनिक बोयोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम पर दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही किया जाएगा। इस क्रम में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, अधीक्षक, उपाधीक्षक, औषधि नियंत्रकों व अन्य संबंधित पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि सभी कर्मी बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम पर आगमन व प्रस्थान दोनों समय अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करें।

जिन कर्मियों का नाम अभी तक दैनिक बोयोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम में दर्ज नहीं है, उन्हें अविलंब अपना नाम दर्ज कराने के साथ ही हाजिरी शुरू करने को कहा गया है। जिन स्वास्थ्य संस्थान में बायोमेट्रिक मशीन अभी क्रियाशील नहीं है, वहां फौरन बायोमेट्रिक मशीन लगाया जाएगा। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने की सारी जवाबदेही संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की होगी। औचक निरीक्षण के दौरान बायोमेट्रिक मशीन के भौतिक सत्यापन के क्रम में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है मशीन मिली जानकारी के अनुसार जिले के सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहले से ही बोयोमेट्रिक मशीन लगाया जा चुका है और यहां स्वास्थ्यकर्मी व पदाधिकारी दैनिक बोयोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के माध्यम से ही हाजिरी लगा रहे हैं। जबकि जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीन नहीं लगाया गया है वहां, जल्द लगाने की बात कही गयी है। मिले निर्देशों का हर हाल में पालन किया जाएगा। 47 एपीएचसी पर लगायी जाएगी जल्द ही मशीन स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार जिले के कुल 47 एपीएचसी पर जल्द ही बोयोमेट्रिक मशीन लगा दिया जाएगा। इसको लेकर सिविल सर्जन कार्यालय से पत्र जारी कर दिया गया है। हालांकि, उप स्वास्थ्य केंद्रों पर कब लगाया जाएगा इसको लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर दैनिक बोयोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के जरिए हाजिरी लगाने को लेकर कुछ परेशानी सामने आ रही हैं। क्या कहते हैं सिविल सर्जन सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि जिले के सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहले से ही बायोमेट्रिक मशीन लगायी जा चुकी है। अन्य 47 एपीएचसी पर जल्द ही बायोमेट्रिक मशीन लगाने को लेकर निर्देश दिया गया है। मिले निर्देश के अनुसार सभी कर्मियों को अब बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम पर आगमन व प्रस्थान दोनों समय अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




