जुलाई 2025 से ही शिक्षकों की होनी चाहिए वेतन वृद्धि
बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के उप प्रधान सचिव राकेश कुमार सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को ई-मेल के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भेजा है। शिक्षकों की वेतन वृद्धि में देरी और भत्तों में कटौती जैसी समस्याएं लंबे समय से चल रही हैं, जिससे शिक्षकों में निराशा है।

सीवान/रघुनाथपुर, एक संवाददाता। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, सीवान के सदर अनुमंडल के उप प्रधान सचिव राकेश कुमार सिंह ने जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी को ई-मेल के माध्यम आवेदन भेज कर शिक्षकों की समस्याओं का निष्पादन करने की गुहार लगायी है। विभिन्न कोटि के शिक्षकों की विभिन्न समस्याएं लंबे समय से ही चली आ रही है। लेकिन, इसका विभागीय निर्देश के अनुरूप यथोचित समाधान नहीं होने से शिक्षकों में निराशा है। विभाग के लिखित निर्देश के विपरीत प्रथम सक्षमता पास उत्तीर्ण शिक्षक जो कि 1 जनवरी 2025 को विशिष्ट शिक्षक बन गये, नियमतः उनकी वेतन वृद्धि 1 जुलाई 2025 को होनी चाहिए।
जबकि एचआरएमएस पर शिक्षकों की वेतनवृद्धि 1ली जनवरी 2026 प्रदर्शित हो रही है। ठीक इसी तरह द्वितीय सक्षमता पास शिक्षक जो कि एक मार्च 2025 से सात मार्च 2025 को विशिष्ट शिक्षक बन गये। उनकी वेतनवृद्धि एक जनवरी 2026 को होनी चाहिए, इसके विपरीत उनकी वेतनवृद्धि एक जुलाई 2026 को प्रदर्शित हो रही है। छह महीने की यह कटौती विभाग के लिखित नियम के विपरीत हो रही है। विशिष्ट शिक्षक जो कि शहरी क्षेत्र में आने वाले विद्यालयों में पदस्थापित हैं, उनका योगदान के बाद से ही शहरी मकान का किराया भत्ता की दस प्रतिशत की जगह पांच प्रतिशत किया जा रहा है। शिक्षक नेता ने बताया कि जिला पदाधिकारी और अपर मुख्य सचिव को भी आवेदन की प्रति भेजी गयी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




