बड़हरिया विधानसभा में 217 ग्रामीण सड़कों व पुल का कराया निर्माण
सीवान के पचरुखी प्रखंड में संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की जानकारी दी। 217 ग्रामीण सड़कों, पुलों, स्वास्थ्य केंद्रों, और अन्य परियोजनाओं...

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के पचरुखी प्रखंड के पपौर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बड़हरिया विधान सभा क्षेत्र में कई काम कराये गये हैं। बड़हरिया विधानसभा में 217 ग्रामीण सड़कों व पुल का निर्माण कराया गया है। बड़हरिया व पचरुखी प्रखंड में अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण कराया गया। पचरुखी में अनुसूचित जाति आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का निर्माण कराया गया। सीवान-बिन्दुसार-बंगरा पथ का चौड़ीकरण कराया गया है। सीवान बरहन-लकरी पथ का चौड़ीकरण कराया गया। सीवान मशरख शीतलपुर पथ का निर्माण कराया गया है। 3 विद्युत उप केन्द्र व 6 कृषि फीडर का निर्माण कराया गया है।
इस विधानसभा क्षेत्र में पश्चिमी गंडक नहर का जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के दिसंबर व 2025 के जनवरी-फरवरी माह में प्रगति यात्रा के दौरान सीवान जिला आये थे। तब यहां जो भी कमी रह गयी थी, उसका आकलन कर 8 योजनाओं की स्वीकृति दे दी गयी है। इन योजनाओं में सीवान में बाईपास निर्माण, सिसवन ढाला में आरओबी निर्माण, 3 पथों का चौड़ीकरण, सीवान में नये प्रेक्षागृह का निर्माण, मैरवा में ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण व मौनिया बाबा मेला महाराज राजकीय मेला का आयोजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इन सभी योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी व संचालन जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रकेतु सिंह ने किया। सीवान की जदयू सांसद विजया लक्ष्मी देवी, विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह व देवेशकांत सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव, पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव व कविता सिंह, पूर्व मंत्री विक्रम कुंवर, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा, सत्यदेव सिंह व हेमनारायण साह, पूर्व एमएलसी व को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष रंजीत प्रसाद, लोजपा आर जिलाध्यक्ष महादेव पासवान, रालोम जिलाध्यक्ष रिजवान अहमद, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व बीस सूत्री के उपाध्यक्ष संजय पांडेय, जदयू प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य विकास कुमार सिंह जीशु सिंह, पूर्व मंत्री अजीत चौधरी, जदयू के वरीय नेता अजय सिंह, श्यामबहादुर सिंह, निकेशचंद्र तिवारी, जिला प्रभारी प्रमोद पटेल, विजय वर्मा, जदयू जिला प्रवक्ता सुनील कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। सरकार शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर दे रही बिजली पचरुखी के पपौर में मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नये निर्णय लिये गये हैं। इसके तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों व विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया। इससे 1 करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गयी। सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी जाती थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नयी योजना मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की स्वीकृति दी गयी है। इसके तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये दिए जायेंगे। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। यह काम इसी सितम्बर माह से शुरू हो जायेगा। इसके साथ ही बिहार में नये उद्योग लगाने के लिए मुफ्त जमीन व विशेष सहायता दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। 2024 के केन्द्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गयी। वहीं, इस वर्ष फरवरी के केन्द्रीय बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गयी। केन्द्र सरकार 2018 से देश के कुछ राज्यों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन कर रही है। इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार में हुआ, जो गौरव की बात है। मुख्यमंत्री ने इन सब कामों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट किया। अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का निर्णय मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय व टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी व 10 लाख रोजगार देना तय किया गया था। अभी तक युवाओं को 10 लाख नौकरी व 39 लाख रोजगार दे दिया गया है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक नौकरी व रोजगार दे दिया जायेगा। अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट लगातार बढ़ रहा है। 2005-06 में नयी सरकार बनने के समय राज्य का बजट मात्र 28 हजार करोड़ रुपये था जिसे 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपये किया गया। यह लगातार बढ़ते-बढ़ते 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। हमने शुरू से सभी तबकों का विकास किया मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों को कहना चाहते हैं कि इस क्षेत्र के विकास के लिए और जो काम करने की जरूरत उसे तुरंत बताएं। उसपर हमलोग काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने शुरू से सभी तबकों का विकास किया है। हिन्दू, मुस्लिम, अपर कास्ट, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, महादलित सभी के लिए काम किया गया है। मुस्लिम समुदाय के लिए भी हमने काफी काम किया है। मदरसों को सरकारी मान्यता दी गयी है। मदरसा शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के बराबर वेतन दिया जा रहा है। वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गयी है। बड़े पैमाने पर कब्रिस्तानों की घेराबंदी की जा चुकी है। अब कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है। वर्ष 2016 से 60 वर्ष से पुराने मंदिरों की घेराबंदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार का तेजी से विकास हो रहा है। आगे और ज्यादा काम होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि घर-घर जाकर बिहार के विकास के बारे में लोगों को बताएं। कुछ ही दिनों में चुनाव होंगे, इसलिए आप सभी पूरी तरह सक्रिय रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यही सरकार फिर से बनेगी, आपलोग अपना सहयोग दें। हमलोग आपलोगों को बढ़ाएंगे और मिल-जुलकर बिहार का विकास करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




