मचकना करहनु में जानेंगे विकास योजनाओं का हाल, दीदियों के साथ संवाद भी
सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता नए साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिले में विकास योजनाओं का हाल जानने 7 जनवरी को सीवान आ रहे हैं। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारी जोरों पर है।...

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता नए साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिले में विकास योजनाओं का हाल जानने 7 जनवरी को सीवान आ रहे हैं। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारी जोरों पर है। बताया जा रहा कि यूं तो मुख्यमंत्री जिले में अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान तीन प्रखंडों में जायेंगे, लेकिन मुख्य कार्यक्रम सिर्फ जिले के हुसैनगंज प्रखंड के मचकना पंचायत के करहनु में होना है। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र करहनु व पंचायत भवन की रंगाई-पुताई के साथ सड़क की मरम्मति कराई जा रही है। हेलिकॉप्ट मार्ग से शहर के पुलिस लाइन में उतरने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सड़क मार्ग से मचकना करहनु में सुबह 11 बजे आगमन होगा। जीविका दीदियों के साथ मुख्यमंत्री का संवाद भी यहीं पर होना बताया जा रहा है। मचकना पंचायत के करहनु में विकास योजनाओं का हाल जानने व जीविका दीदियों के साथ संवाद करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जीरादेई के भैंसाखाल जायेंगे। अमृत सरोवर के तहत पोखरा का सौन्दर्यीकरण कार्य मनरेगा से कराया जा रहा है। पोखरा के चारों तरफ पेभर ब्लॉक व पौधरोपण कार्य भी कराए जा रहे हैं। डीडीसी मुकेश कुमार के नेतृत्व में मचकना पंचायत के करहनु में सभी तैयारी चल रही है। दूसरी तरफ भैंसाखाल में आवसीय विद्यालय का उदघाटन व शिलान्यास कार्यक्रम होगा। एडीएम उपेन्द्र कुमार सिंह की निगरानी में यहां कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर चल रही है। बताया जा रहा कि भैंसाखाल से मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पचरुखी बाईपास का निरीक्षण करने पहुंचेंगे। वहीं, जिले में प्रगति यात्रा के अंतिम चरण में आईबी में भोजन के उपरांत आंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में सरकार संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक करेंगे। इधर, मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर मुख्यालय से मिला टास्क, स्थानीय स्तर पर जिला व पुलिस प्रशाशन कार्ययोजना बना कार्य कर रहा है। डीएम मुकुल कुमार गुप्ता व एसपी अमितेश कुमार के नेतृत्व में सारी तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री के आगमन पर मिलेगा सौ करोड़ की सौगात पचरुखी। प्रखंड के नारायणपुर गांव में मुख्यमंत्री के आगमन की संभावनाओं के बीच तैयारी शुरू हो गई है। खबर है, कि 7 जनवरी को मुख्यमंत्री सौ करोड़ की लागत से बनने वाले पचरुखी-महुवल मुख्यमार्ग का शिलान्यास करेंगें। इसके बाद सड़क का निर्माण व चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। पचरुखी-महुवल मुख्यमार्ग के निर्माण को लेकर स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से मांग करते आए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन व शिलान्यास की सूचना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों में जर्जर सड़क के निर्माण की आस जग चुकी है। एक तरफ ग्रामीणों में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग को लेकर नाराजगी है, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री का गांव में आकर इतनी बड़ी सौगात देने की सूचना के बाद खुशी भी है। स्थानीय मुखिया पति शंकर बैठा ने बताया कि उनके कार्यकाल में मुख्यमंत्री का पंचायत में आना गर्व की बात है। विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रगति यात्रा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस यात्रा को राजनीतिक हलकों में भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा, विशेषकर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर। वहीं, जीविका दीदियों के साथ उनके संवाद कायम करने को लेकर भी। मुख्यमंत्री का जीविका दीदियों समेत नारी सशक्तीकरण पर शुरू से ही विशेष फोकस रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।