
चुनाव में युवाओं के बीच रोजगार, विकास व पलायन रहा मुख्य मुद्दा
बिहार विधान सभा चुनाव-2025 के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रवासी मतदाताओं ने रोजगार, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर वोट दिया। युवा मतदाताओं का मानना है कि नयी सरकार आने पर राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। छठ महापर्व के बाद कई प्रवासी मतदाता मतदान में शामिल हुए।
सीवान, निज प्रतिनिधि। बिहार विधान सभा चुनाव-2025 के पहला चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो चुका है। इसके साथ ही किसके पक्ष में अधिक और किसके पक्ष में कम मतदान हुआ है विशेषज्ञों के बीच इसकी गणना भी शुरू हो गयी है। लेकिन, इस बार का चुनाव परिणाम चौंकाने वाला भी हो सकता है। जानकारों का मानना है कि प्रथम चरण के मतदान के दौरान काफी संख्या में प्रवासी मतदाताओं ने अपना बहुमूल्य मत दिया है। कई छठ महापर्व में ही घर आ गए थे, जबकि कई मतदान में हिस्सा लेने के लिए छठ महापर्व की समाप्ति के बाद भी घर पहुंचे थे।

लेकिन किसकी सरकार बनेगी, यह मतगणना से पहले बता देना किसी के लिए भी आसान नहीं है। कारण है कि अधिकतर प्रवासी मतदाता जाति व परंपरागत समीकरणों से ऊपर उठकर रोजगार, शिक्षा और विकास के मुद्दे पर अपना बहुमूल्य वोट दिए हैं। अन्य मुद्दों के अलावे रोजगार, विकास व पलायन भी इस बार प्रवासी युवाओं के बीच एक मुख्य मुद्दा बनकर छाया रहा। बावजूद इसके अधिकतर मतदाता पारंपरिक राजनीति का हिस्सा बनने से भी नहीं चूके हैं। प्रवासियों के मूड व विचार की जानकारी के लिए शनिवार को सीवान जंक्शन पर ट्रेनों से अपने काम पर लौटने वाले प्रवासियों से मतदान के संबंध में बातचीत की गयी। युवाओं का कहना है युवा विपिन बिहारी का कहना है कि अपने राज्य में संपन्न होने वाले प्रत्येक चुनाव में अपना बहुमूल्य वोट डालने जरूर आते हैं। उम्मीद रहती है कि सरकार बनेगी तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। अपने ही राज्य में काम मिलने से किसी को भी अपना पेट पालने के लिए दूसरे राज्यों में भटकना नहीं पड़ेगा। इस बार अपना वोट रोजगार व पलायन के मुद्दे पर ही दिया है। युवा राजन कुमार का कहना है कि यह सही है कि अन्य सरकारों की तुलना में पिछली सरकार के दौरान सड़क, बिजली, और स्वास्थ्य सेवाओं में काफी बदलाव देखने को मिला है। बावजूद इसके हमसब अभी कई बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं। यदि मौजूदा सरकार एक बार फिर सत्ता में आती है तो उम्मीद है कि आने वाले दिनों में दशा और दिशा में और परिवर्तन देखने को मिलेगा। युवा तनवीर का कहना है कि यदि तरक्की देखना है तो परिवर्तन जरूरी है। हमारी कोशिश रहेगी कि राज्य की बागडोर नयी सरकार को दिया जाए। क्योंकि, नई सोच और नए नेतृत्व से ही राज्य की स्थिति में सुधार आ सकता है। यदि इसकी सरकार अस्तित्व में आएगी तो दूसरे राज्यों की तरह बिहार का भी विकास होगा। छठ महापर्व की समाप्ति के बाद बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में मत देने हरियाणा से घर लौटे संजय कुमार ने बताया कि वह एक विशेष पार्टी के समर्थक है और इस पार्टी के लिए ही वोट देने आए हैं। हमारा हरसंभव प्रयास है कि अपनी पार्टी के विचारों व कार्यों को अन्य लोगों को भी बताएं और अधिक से अधिक वोट दिला सकें। विश्वास है कि यदि हमारी पार्टी यदि सरकार बनाएगी को शिक्षा, स्वास्थ्य व नए-नए रोजगार का अवसर मिलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




