Siwan News दुर्गा पूजा में पंडालों पर रहेगी प्रशासन की नजर, सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र लगाना अनिवार्य
Siwan News दुर्गा पूजा और दशहरा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़हरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। अधिकारियों ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विसर्जन के दौरान नियमों का पालन, यातायात सुचारू रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई। बैठक में जाम, ऑटो परिचालन और जर्जर बिजली तारों की समस्याएं भी उठीं।

Siwan News बड़हरिया, एक संवाददाता। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को बड़हरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता बीडीओ संदीप कुमार और अपर थानाध्यक्ष कुंदन तिवारी ने की। बैठक में पूजा समितियों और लाइसेंसधारकों को सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश बैठक में पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन यंत्र रखने पर जोर दिया गया।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित समय-सीमा के अनुसार करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पूजा समितियां सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरा कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विसर्जन में सतर्कता, अफवाहों से बचने की अपील अपर थानाध्यक्ष कुंदन तिवारी ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी पूजा समितियां प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने, यातायात सुचारू रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जर्जर बिजली तार और जाम की समस्या उठी बैठक में स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने बाजारों में लगने वाले जाम, ऑटो के अनियंत्रित परिचालन और जर्जर बिजली तारों की समस्या उठाई। इन समस्याओं के समाधान की मांग की गई, ताकि पर्व के दौरान लोगों को आवागमन और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में कई लोग रहे मौजूद बैठक में इंस्पेक्टर मिहिर कुमार सहित वाल्मीकि प्रसाद, अश्विनी, महताब खान, लक्की बाबू, रहीमुद्दीन खान, प्रेम प्रकाश सोनी, मनोज कुशवाहा, मुर्तजा अली पैगाम, वीरेंद्र साह, केशर श्रीवास्तव, गुड्डू सोनी, मुमताज अंसारी, दाऊद खान, राजू अली और राजकिशोर यादव उर्फ लड्डू बाबू सहित अन्य लाइसेंसधारक उपस्थित थे। अधिकारियों ने प्रखंडवासियों से दुर्गा पूजा एवं दशहरा प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।


