
अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन की पैमाइश आज से शुरू
गोपालपुर और हुसैनगंज में लंबे समय से चल रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने कार्यवाही शुरू की है। सोमवार से पैमाईश का कार्य शुरू होगा, जिसमें सड़क और नाले की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित किया जाएगा। यदि निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासन बल प्रयोग करेगा।
गोपालपुर, निज संवाददाता। हुसैनगंज प्रखंड के गोपालपुर, हुसैनगंज चट्टी एवं मुख्य बाजार के रास्ते में लंबे समय से चले आ रहे अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। हुसैनगंज अंचलाधिकारी दिव्य प्रकाश ने बताया कि सोमवार से गोपालपुर एवं हुसैनगंज में पैमाईश का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके पूर्व ध्वनियंत्र वाहन से सभी अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने से संबंधित सूचना जारी कर दिया गया था। जिसके बाद गोपालपुर, हुसैनगंज चट्टी एवं आसपास के अधिकतर दुकानदारों द्वारा खुद से अतिक्रमित हिस्से को तोड़कर हटाया गया है। वहीं अभी भी अधिकतर हिस्से में अतिक्रमण दिखाई दे रहा है।
सोमवार की सुबह से सबसे पहले गोपालपुर में अंचल के राजस्व कर्मचारी, अमीन और पुलिस बल के साथ पैमाइश शुरू की जाएगी। इसके बाद अगले दिन से हुसैनगंज में पैमाईश का कार्य किया जाएगा। पैमाइश के दौरान मुख्य सड़क और नाले के निर्धारित दायरे को चिन्हित किया जाएगा। जिन दुकानों, ठेलों एवं अस्थायी-स्थायी निर्माणों का हिस्सा सड़क या नाले की सरकारी जमीन पर आ रहा है। उन्हें चिन्हित कर अंतिम चेतावनी दी जाएगी। सीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्धारित समय के भीतर अगर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन बल प्रयोग करते हुए सभी अवैध निर्माण व अतिक्रमण हटा देगा। साथ ही अतिक्रमण हटाने में होने वाले खर्च की वसूली भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण अभियान के बाद भी यदि ठेले वाले अथवा दुकानदार अतिक्रमण करते नजर आते हैं तो ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनपर फाइन लगाया जायेगा ताकि यातायात जाम जैसी समस्या पुनः उत्पन्न नहीं हो सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




