खुर्माबाद गांव में अराजकतत्वों ने घर पर की फायरिंग
सीवान, निज प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खुर्माबाद गांव में सोमवार को दिनदहाड़े एक घर पर फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। अराजकतत्वों के किए गए फायरिंग में किसी तरह की जानमाल की क्षति...

सीवान, निज प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खुर्माबाद गांव में सोमवार को दिनदहाड़े एक घर पर फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। अराजकतत्वों के किए गए फायरिंग में किसी तरह की जानमाल की क्षति नहीं है। लेकिन अराजकतत्वों के फायरिंग किए जाने के बाद से ही परिजन काफी डरे सहमे हैं। पीड़ित गृहस्वामी राजेश कुमार ने इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।
बताया जाता है कि सोमवार को जब राजेश कुमार अपने घर से बाहर गए थे तभी करीब नौ-दस बजे के करीब अराजकतत्वों ने उनके घर की खिड़की से गोली दाग दी। खिड़की में लगे शीशा को तोड़ती हुई गोली पास के दीवार में जाकर लग गयी। इसके बाद परिजन ने घटना की जानकारी राजेश कुमार को दी। सूचना के बाद राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। राजेश कुमार ने बताया कि गांव के अगल-बगल अराजकतत्व रहते हैं। चोरी व अन्य वारदातों को अंजाम देना उनका पेशा है। दस दिन पहले भी अराजकतत्व खिड़की पर चढ़ गए थे। हालांकि सोए अवस्था से नींद खुलने और हो-हल्ला करने के बाद कूद कर भाग निकले। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की गहनता से जांच - पड़ताल की जा रही है।
