सीवान में नहरों के जीर्णोद्धार को 82.98 लाख रुपए स्वीकृत

Feb 27, 2026 02:16 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

सीवान जिले के हुसैनगंज प्रखंड में पैगंबरपुर उप लघु नहर और अन्य नहरों के पुनर्गठन के लिए 82 लाख 988 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। इससे क्षेत्र के किसानों को लाभ होगा, सिंचाई में सुधार होगा और उत्पादन बढ़ेगा। कार्य 2026-27 तक पूरा होने की उम्मीद है।

सीवान में नहरों के जीर्णोद्धार को 82.98 लाख रुपए स्वीकृत

सीवान। जल संसाधन विभाग ने जिले के हुसैनगंज प्रखंड स्थित पैगंबरपुर उप लघु नहर, 19.84 किलोमीटर लंबी उप शाखा नहर तथा जुड़कन और रसीदचक से जुड़ी लघु नहरों के पुनर्गठन व मरम्मत कार्य के लिए 82 लाख 988 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। विभागीय आदेश जारी होने के बाद क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी नहरों के सुधार की राह साफ हो गई है। संयुक्त सचिव आलोक कुमार द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि योजना की राशि मुख्य शीर्ष 2700 (मुख्य सिंचाई), अपसेट्स सिंचाई परियोजना (लघु) शीर्ष 101 तथा रखरखाव एवं मरम्मत मद संख्या 49 के अंतर्गत खर्च की जाएगी।

विभागीय स्थानीय वित्त समिति, स्कीम स्क्रीनिंग समिति और आंतरिक वित्तीय सलाहकार समिति से अनुमोदन के बाद प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। कार्यपालक अभियंता, सारण प्रमंडल, सीवान को निकासी एवं व्यय की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि प्रधान सचिव, जल संसाधन विभाग, पटना को नियंत्रण पदाधिकारी बनाया गया है। राशि की निकासी सिवान से होगी और महालेखाकार, बिहार से प्राधिकार पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नहरों के पुनरुद्धार से पैगंबरपुर, रसीदचक, जुड़कन व आसपास के गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। पंपसेट पर निर्भरता घटेगी और डीजल-बिजली खर्च में कमी आएगी। समय पर खेतों तक पानी पहुंचने से रबी और खरीफ दोनों मौसम में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। खासकर छोटे और सीमांत किसानों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय किसानों ने योजना को क्षेत्र की कृषि व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है। उनका कहना है कि यदि समय पर कार्य पूरा हुआ तो सिंचाई व्यवस्था में स्थायी सुधार संभव होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।