नौतन का युवक रोलर स्केटिंग करते निकला तीर्थस्थल वृंदावन
नौतन के मुरारपट्टी गांव के युवक आदित्य कुमार ने महाशिवरात्रि के अवसर पर वृंदावन तक रोलर स्केटिंग से यात्रा शुरू की। मुखिया हवलदार अंसारी ने उन्हें प्रोत्साहित किया और आवश्यक व्यवस्थाएं मुहैया कराईं। यात्रा के दौरान आदित्य और उनके साथी आनंद कुमार का स्वागत किया जा रहा है, जो सामाजिक एकता की मिसाल है।

नौतन,एक संवाददाता। प्रखंड के मुरारपट्टी गांव का युवक आदित्य कुमार महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक प्रेरणादायक और साहसिक यात्रा की शुरुआत की है। युवक ने पैरों से रोलर स्केटिंग के जरिए यूपी के प्रसिद्ध तीर्थस्थल वृंदावन तक पहुंचने का संकल्प लिया है। युवक के इस साहसी कार्य की चारों तरफ चर्चा हो रही है। इस अनोखी यात्रा में सबसे महत्वपूर्ण और निर्णायक भूमिका मुखिया हवलदार अंसारी ने निभाई है। मुखिया सद्भावना,भाईचारे और सामाजिक एकता के प्रतीक है। उन्होंने गंगा जमुनी तहजीब और सर्वधर्म समभाव की भावना को बढ़ावा देते हुए महाशिवरात्रि के दिन आदित्य कुमार को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया और अपने निजी वाहन से थावे दुर्गा माता के मंदिर पहुंचाया।
वहां उन्होंने पूजन सामग्री,फलाहार,जल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रदान की ताकि युवक अपनी धार्मिक यात्रा सुचारु रूप से शुरू कर सके। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद आदित्य गोपालगंज जिले के भोरे निवासी अपने साथी आनंद कुमार के साथ स्केटिंग करते हुए वृंदावन की ओर रवाना हुए। मंगलवार को देर शाम तक दोनों युवक यूपी के गोरखपुर पहुंच चुके थे। आदित्य ने बताया कि रास्ते में लोग उनकी इस यात्रा से प्रभावित होकर उनका जोरदार स्वागत कर रहे हैं। लोग खाने-पीने, पानी,फल और अन्य सहायता प्रदान कर रहे है। जो सामाजिक सद्भाव की जीती-जागती मिसाल है। उन्होंने विशेष रूप से मुखिया हवलदार अंसारी के सहयोग की सराहना की, जिन्होंने बिना किसी भेदभाव के इस युवा की धार्मिक आकांक्षा को पूरा करने में अहम भूमिका निभाई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


