सीवान में जहरीली शराब से अबतक 28 की मौत
भगवानपुर हाट प्रखंड में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। अब तक 79 लोग बीमार हैं, जिनमें से 8 का इलाज सीवान सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, और...

भगवानपुर हाट/ सीवान, हिटी। जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड की माघर और कौड़ियां पंचायत में जहरीली शराब से मरनेवालों की संख्या बढ़कर अब 28 हो गई है। इसकी आधिकारिक पुष्टि जिला प्रशासन ने भी की है।गुरुवार की रात तक कुल 22 लोगों की मौत होने की पुष्टि आधिकारिक तौर पर की गई थी। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि अब तक इस कांड के सिलसिले में कुल 79 बीमार व्यक्तियों को सीवान सदर अस्पताल,बसंतपुर सीएचसी एवं गंभीर रूप से बीमार को पीएमसीएच पटना में इलाज हेतु भर्ती करवाया गया। इनमें से मृत 28 व्यक्तियों के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उनके मृत शरीर कोपरिजनों को सौंप दिया गया है। वर्तमान में 08 व्यक्तियों का इलाज सदर अस्पताल सीवान में करवाया जा रहा है। बीमार व्यक्तियों में से गंभीर रूप से बीमार 13 व्यक्तियों को पीएमसीएच इलाज के लिए रेफर किया गया। अबतक कुल 30 व्यक्तियों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर वापस उनके घर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित पंचायत के सभी वार्डों में एएनएम ,आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका जीविका दीदी, विकास मित्र व सभी पंचायत स्तरीय कर्मी डोर-टू-डोर भ्रमण कर गंभीर लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने अबतक कुल 12 लोगों को शराब के धंधे से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पूरे जिले में शराब के अवैध धंधेबाजों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


