सीवान में एनकाउंटर से भी सुधार नहीं, दिनदहाड़े फायरिंग कर ज्वेलरी लूट, एक लुटेरे को जनता ने दबोचा
सीवान जिले के जीरादेई में बुधवार दोपहर को दिनदहाड़े 5 बदमाशों ने एक दुकान से सोना-चांदी के गहने और कैश लूट लिया। अपराधी दनादन फायरिंग करते हुए बाजार से भागने लगे। तभी स्थानीय लोगों ने दिलेरी दिखाते हुए एक लुटेरे को पकड़ लिया और फिर उसे पुलिस को सौंप दिया।
Siwan News: बिहार के सीवान जिले में पिछले दिनों हुए पुलिस एनकाउंटर के बाद भी बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। जीरादेई के जमापुर बाजार स्थित एक दुकान से बुधवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने फायरिंग करते हुए सोना-चांदी के गहने और कैश लूट लिया। बाजार में दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने दनादन फायरिंग की, जिससे अफरातफरी मच गई। करीब 10 राउंड गोली चलने की सूचना है। हालांकि, दुकानदारों और अन्य लोग अपनी जान जोखिम में डालकर हथियारबंद बदमाशों से भिड़ गए। लोगों ने एक लुटेरे को वहीं पर दबोच लिया और फिर पुलिस को सौंप दिया।
मिली जानकारी के अनुसार दो बाइक पर सवार 5 अपराधी जीरादेई के जमापुर बाजार पहुंचे। उन्होंने ओम साई बर्तन भंडार नामक दुकान में घुसकर लूटपाट शुरू कर दी। लुटेरों ने हथियार के बल पर दुकान में रखा लगभग 300 ग्राम सोना एवं लगभग 9 किलो चांदी तथा नगदी लूट ली। इनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। लूटे गए सामान का वास्तविक आकलन किया जा रहा है।
लूट के बाद अपरधी फायरिंग करते हुए वहां से भागने लगे। इसी बीच स्थानीय दुकानदारों एवं ग्रामीणों ने दिलेरी दिखाते हुए एक लुटेरे को पकड़ लिया। पीड़ित दुकानदार टिंकू सोनी ने बताया कि शादी का सीजन चल रहा है। कुछ जगह विवाह में देने के लिए सोना-चांदी के गहने दुकान में रखे हुए थे। अपराधी उन्हें लूटकर ले गए। दुकानदार ने जीरादेई थाने में लिखित आवेदन देकर पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
दुकानदारों ने दिखाई दिलेरी
जमापुर बाजार में 5 की संख्या में पहुंचे हथियार बंद अपराधियों ने लाखों के आभूषण लूट लिए। तभी आसपास के दुकानदार इकठ्ठा हो गए। जब अपराधी आभूषण दुकान से लूट कर अंधाधुंध फायरिंग कर भाग रहे थे। तभी दर्जनों दुकानदार अपनी जान की परवाह किए बगैर एक अपराधी को पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और लुटेरे को सौंप दिया।
बुधवार दोपहर हुई इस लूट की वारदात की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। ग्रामीणों से भी जानकारी ली जा रही है। थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि अपराधियों द्वारा सोने-चांदी की दुकान से लूट की गई है। दुकानदारों ने एक अपराधी को मौके से पकड़ लिया है। पुलिस गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरे से पूछताछ में अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दुकानदार से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस पर सवाल
वहीं, इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों में काफी रोष है। बताया जा रहा है कि पुलिस की गश्ती के बावजूद सरेआम बदमाश फायरिंग करते हुए लूटपाट कर चले गए। हालांकि, दुकानदारों की सूझ-बूझ से एक अपराधी पकड़ा गया।
एनकाउंटर में ढेर हुआ था हत्या का आरोपी
बता दें कि पिछले सप्ताह ही सीवान में पूर्व भाजपा एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या के आरोपियों का एनकाउंटर हुआ था। पुलिस ने पहले आरोपी छोटू यादव को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। इसके बाद 3 मई को तड़के मुख्य आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था। हालांकि, इसके बावजूद जिले के अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और दिनदहाड़े बाजार में लूटपाट और फायरिंग कर पुलिस के इकबाल को चुनौती दे रहे हैं।
(रिपोर्ट- वीरेंद्र तिवारी, जीरादेई-सीवान)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


