सीवान में ज्वेलरी शॉप लूटने आए बदमाशों ने व्यापारी को गोली मारी, लोगों ने दिलेरी दिखाकर दो लुटेरों को पकड़ा

हिन्दुस्तान, गुठनी/दरौली (सीवान)
Follow us on Google News
share

सीवान जिले के टड़वा बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप लूटने आए बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुन आसपास के दुकानदार और अन्य लोग दौड़े, तो बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। लोगों ने दिलेरी दिखाते हुए दो लुटेरों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

Siwan loot
सीवान जिले के टड़वा बाजार में लूट और फायरिंग की आरोपी

बिहार के सीवान जिले में एक बार फिर अपराधियों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश की। दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा बाजार में मंगलवार को आभूषण दुकान को लूटने आए बदमाशों ने दुकानदार को गोली मार दी। घटना के बाद अपराधियों ने बाजार में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। गोली लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यापारी दिलीप वर्मा (42) टड़वा चट्टी गांव के रहने वाले हैं।

घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। हालांकि स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो लुटेरों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में दोनों को एक दुकान में बंद कर दिया गया।

6 लुटेरों ने दुकान पर बोला धावा

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को तीन बाइक पर सवार 6 अपराधी टड़वा चट्टी स्थित नीरज ज्वेलर्स पर पहुंचे। बताया जाता है कि सभी अपराधी हथियारों से लैस थे। दुकान में प्रवेश करने के बाद अपराधियों ने दुकानदार को हथियार का भय दिखाकर लूटपाट करने की धमकी दी।

दुकानदार ने किया विरोध

इस दौरान दुकानदार दिनेश वर्मा ने अपराधियों का विरोध किया। इसके बाद लुटेरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद दिनेश वर्मा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।

गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अपराधियों ने लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से बाजार में भी फायरिंग की। इसके बावजूद ग्रामीण पीछे नहीं हटे और अपराधियों का पीछा करना शुरू कर दिया।

इसी दौरान दो लुटेरों को ग्रामीणों और दुकानदारों ने पकड़ लिया। दोनों की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। बाद में उन्हें पास की एक दुकान में बंद कर दिया गया। इस दौरान अन्य अपराधी मौके से भाग निकलने में सफल रहे।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही दरौली और गुठनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, दरौली थानाध्यक्ष अभिनव कुमार दुबे, गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एएसआई अमरेश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल को बाजार में तैनात किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया।

लोगों की पिटाई में घायल दोनों अपराधियों का भी इलाज कराया जा रहा है। घायल दुकानदार दिनेश वर्मा को तत्काल दरौली पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया। उनकी हालत को लेकर पुलिस और परिजन जानकारी जुटा रहे हैं।

लूटे गए आभूषण एवं सामान की जानकारी जुटा रही पुलिस

एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि दो अपराधियों को पकड़ लिया गया है। घायल दुकानदार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दुकान से कितने आभूषण या अन्य सामान की लूट हुई है, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस दुकान संचालक से जानकारी लेने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। फरार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद टड़वा बाजार में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsज्वेलरी शॉप लूटने आए बदमाशों ने व्यापारी को गोली मारी, लोगों ने 2 को पकड़ लिया