
सीवान में कुख्यात लाली यादव की हत्या, थाने से महज 100 मीटर दूर गोलियों से भूना
सीवान जिले के चैनपुर बाजार में सोमवार देर शाम कुख्यात लाली यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर उसे गोलियों से भूना और फिर फरार हो गए।
बिहार के सीवान जिले के चैनपुर बाजार में कुख्यात अपराधी लाली यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सोमवार देर शाम की है। अपराधियों ने पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से लाली यादव की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी उम्र 40 से 45 साल के बीच थी। लाली पर सीवान और सारण जिले के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था।
बताया गया कि चैनपुर ओपी से 100 मीटर की उत्तर की ओर स्थित पंच मंदिर मोड़ के पास लाली यादव खड़ा था। सोमवार शाम करीब साढ़े 7 बजे बाइक पर 3 अपराधी आए। वे लाली यादव को गोली मारकर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
वारदात के बाद सीवान के एसपी मनोज तिवारी के अलावा कई थानों की पुलिस मामले की जांच के लिए चैनपुर पहुंच गई। एसपी ने बताया कि लाली यादव कई सालों से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्जनभर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार लाली यादव को एक के बाद एक कुल 6 गोलियां मारी गईं। गोली लगने से लाली यादव जमीन पर गिर पड़ा। फिर अपराधियों ने शव को हिलाकर देखा, उसके मारे जाने की पुष्टि करने के बाद वे वहां से फरार हो गए। वहीं, इस हत्याकांड के बाद चैनपुर बाजार में दहशत का माहौल फैल गया। व्यापारियों ने डर के मारे रात में अपनी दुकानें बंद कर दीं और घर चले गए। कुछ ही पलों में बाजार में सन्नाटा पसर गया। पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी है।





