साइबर कैफे का संचालक गिरफ्तार
सुरसंड में कुम्मा चौक स्थित एक साइबर कैफे से अनधिकृत आधार कार्ड बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने संचालक राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में 45 आधार कार्ड अपडेट और 19 नए आधार कार्ड बनाए जाने के प्रमाण मिले हैं। यह गंभीर अपराध माना गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

सुरसंड। थाना क्षेत्र के कुम्मा चौक स्थित एक साइबर कैफे से अनधिकृत रूप से आधार कार्ड बनाए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस ने बुधवार को छापेमारी कर साइबर कैफे के संचालक को लैपटॉप सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान राजीव कुमार के रूप में की गई है। जो बथनाहा थाना क्षेत्र के नरहा गांव निवासी शिवजी राय का पुत्र बताया गया है। थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त साइबर कैफे में छापेमारी की। जांच के दौरान संचालक से आधार कार्ड बनाने एवं अपडेट करने से संबंधित वैध प्राधिकरण व दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वह कोई भी अधिकृत कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए लैपटॉप की तकनीकी जांच करने पर कई अहम जानकारियां सामने आयी। डेटा विश्लेषण में 45 लोगों के आधार कार्ड अपडेट किए जाने तथा 19 नए आधार कार्ड बनाए जाने के साक्ष्य पाए गए हैं। हालांकि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि जिन आधार कार्डों का निर्माण या अपडेट किया गया, वे सभी भारत में निवास करने वाले व्यक्तियों के ही हैं। पुलिस के अनुसार इसके बावजूद बिना अनुमति और अधिकृत प्रक्रिया के आधार कार्ड बनाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कार्य में और कितने लोग संलिप्त हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


