
घर में अलाव से लगी आग, बुजुर्ग जिंदा जला
रीगा के खैरवा गांव में एक फूस के घर में लगी आग में 70 वर्षीय पुनीत राउत की जिंदा जलने से मौत हो गई। आग का कारण अलाव से उठी चिंगारी बताया जा रहा है। इस हादसे में एक भैंस और पांच बकरियों की भी जलकर मौत हुई। नुकसान का अनुमान पांच लाख रुपये है।
रीगा। प्रखंड क्षेत्र की पोशुआ पटनिया पंचायत के खैरवा गांव के वार्ड एक में बुधवार रात फूस के घर में लगी आग में गृहस्वामी पुनीत राउत (70) जिंदा जल गए। हादसे में घर में बंधी एक भैंस और पांच बकरियों की भी जलकर मौत हो गई। आग लगने का कारण अलाव से उठी चिंगारी माना जा रहा है। परिजनों के अनुसार, गांव से थोड़ी दूरी पर बने फूस के घर में पुनीत राउत अपने मवेशियों के साथ सोए हुए थे। देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग के कारण घर का जलता हुआ छप्पर नीचे गिर गया, जिससे पुनीत बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। घर में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज आदि मिलाकर करीब पांच लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। सूचना पर पहुंचे रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। उन्होंने बताया कि मवेशियों के पास जल रहे अलाव से आग लगने की आशंका है। मृतक के पुत्र सोशिनंदर राउत और उपेंद्र राउत ने अंचल कार्यालय में आवेदन दिया है। पंचायत के मुखिया विजेंद्र कुमार यादव ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा मद से मुआवजा देने की मांग की है। पूर्व विधायक पहुंचे, दी सहायता अगलगी की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक अमित कुमार टुन्ना भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को चावल, तिरपाल और नकद सहायता उपलब्ध कराई तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मौके पर धर्मवीर मंडल, शिव शंकर महतो, राकेश, किशन महतो, अजीत कुमार, केशव झा, श्री भगवान महतो, रघुनाथ मंडल, रामजी ठाकुर, ललन साह सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




