
बाजपट्टी में पेड़ से लटकते मिले महिला व बच्ची के शव, हत्या की आशंका
संक्षेप: बाजपट्टी थाना क्षेत्र के पटदौरा गांव में एक आम के बगीचे में मंगलवार सुबह एक महिला और एक बच्ची के शव पेड़ से लटकते मिले। महिला की उम्र लगभग 35 साल और बच्ची की उम्र 7 साल बताई जा रही है। शवों की पहचान...
बाजपट्टी। थाना क्षेत्र के पटदौरा गांव स्थित आम के बगीचे में मंगलवार सुबह महिला व बच्ची के शव पेड़ से लटकते मिले हैं। शवों की पहचान नहीं हो पाई है। महिला की उम्र करीब 35 साल व बच्ची की उम्र सात साल बतायी जा रही है। दोनों के शव साड़ी के दो छोड़ से बंधे थे। बच्ची का पैर जमीन से सट रहा था। महिला के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि बच्ची के मुंह से खून निकल रहा था। आशंका है कि दोनों शव मां-बेटी का है और दूसरी जगह हत्या कर यहां लटका दिया गया है। सूचना पर बाजपट्टी थानाध्यक्ष सुखविंद्र नैन ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।

एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटनास्थल से एक सिमकार्ड और सादे कागज पर लिखे कुछ मोबाइल नंबर मिले हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। आसपास के थानों में दोनों की तस्वीर भेजकर पुलिस पहचान का प्रयास कर रही है। देर शाम तक पहचान नहीं हो पाई थी। जानकारी के मुताबिक, पटदौरा गांव की सुदामा देवी गोबर रखने के लिए सुबह करीब साढ़े छह बजे बगीचे में गई थी। उसे पहले लगा कि कोई व्यक्ति आम का पत्ता तोड़ रहा है। करीब जाकर देखा तो पेड़ की दो अलग-अलग डाल से दोनों के शव लटक रहे थे। चिल्लाते हुए वह गांव की ओर भागी लेकिन कुछ दूर जाने के बाद वह बेहोश होकर गिर गई। होश में आने पर गांव पहुंचकर लोगों को घटना की जानकारी दी। जमीन से सटा था बच्ची का पैर, मुंह से निकल रहा था खून महिला पीले रंग की साड़ी और काले रंग की ब्लाउज पहन रखी थी। हाथ में उजले रंग की चूड़ी थी। बच्ची सफेद रंग की फ्रॉक में थी। दोनों का गला लाल रंग की साड़ी के दोनों सिरे से कसकर बांधा गया था। आशंका है कि दूसरी जगह हत्या कर यहां लटका दिया गया है। महिला का पैर जमीन से दो-तीन फीट की ऊंचाई पर था। बच्ची का पैर जमीन से सट रहा था। महिला की आंख के समीप जख्म के निशान थे। बच्ची के मुंह से खून निकल रहा था। सुबह करीब सात बजे बगीचे में महिला व बच्ची के शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस व एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की है। घटनास्थल से एक सिमकार्ड व कागज पर लिखे कुछ नंबर मिले हैं। इसकी जांच करायी जा रही है। दोनों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। - अमित रंजन, एसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




