हर्ष फायरिंग या साजिश, जांच में जुटी पुलिस

Feb 12, 2026 12:14 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
share

सीतामढ़ी में नाबालिग की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस को एक वीडियो क्लिप मिला है जिसमें हर्ष फायरिंग की घटना स्पष्ट दिख रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फायरिंग एक व्यक्ति द्वारा की गई थी जो यूपी से हथियार लेकर आया था। एसआईटी टीम संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

हर्ष फायरिंग या साजिश, जांच में जुटी पुलिस

सीतामढ़ी। सुप्पी थाना क्षेत्र में हुई कथित हर्ष फायरिंग में नाबालिग की मौत की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। पहले जहां इसे लेकर साजिशन हत्या और हर्ष फायरिंग दोनों तरह की चर्चाएं थीं, वहीं अब पुलिस को बारात के दौरान द्वार पूजा की वीडियोग्राफी का एक अहम क्लिप मिला है। पुलिस का दावा है कि इस वीडियो में हर्ष फायरिंग की घटना स्पष्ट दिख रही है, इससे जांच की दिशा काफी हद तक बदल गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हर्ष फायरिंग कथित तौर पर उस व्यक्ति द्वारा की जा रही थी, जो उत्तर प्रदेश से हथियार लेकर शादी समारोह में पहुंचा था।

इस खुलासे के बाद संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए विशेष एसआईटी टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले में और ठोस तथ्य सामने आ सकते हैं। एसपी अमित रंजन ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया जा रहा है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। हालांकि, मामले को लेकर अभी भी कई सवाल कायम हैं। मृतक के पिता पहले ही सात लोगों पर साजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करा चुके हैं। उनका कहना है कि पुराने विवाद के कारण उनके पुत्र की हत्या कर इसे हर्ष फायरिंग की घटना का रूप देने की कोशिश की गई है। इससे जांच और भी संवेदनशील हो गई है। इधर, इस शादी समारोह में यह घटना हुई, वहां पहले से किसी संभावित विवाद की आशंका जताए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष की ओर से लड़की मां ने एक सप्ताह पहले ही पुलिस को आवेदन देकर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके बावजूद घटना हो जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, बरामद खोखे, कारतूस और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। उधर, मृतक के परिजन न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि आम लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।