Sitamarhi News: यातायात नियमों की अनदेखी,1.20 करोड़ का जुर्माना
Sitamarhi News: सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी से सीतामढ़ी में लोगों पर भारी पड़ रही है। यातायात पुलिस ने 2026 के पहले छह महीनों में 1 करोड़ 20 लाख रुपये का जुर्माना वसूला। नियमों के उल्लंघन के मामलों में हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना, ओवरस्पीड और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे कारण शामिल हैं।

Sitamarhi News: सक्षम वर्मा सीतामढ़ी। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी अब लोगों की जेब पर भारी पड़ रही है। जिले में यातायात पुलिस की सख्ती के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अब भी नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
जुर्माना वसूली की आंकड़े
इसका नतीजा यह है कि वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में अभियान चलाकर यातायात पुलिस ने 1 करोड़ 20 लाख 16 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट नहीं लगाने, ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में सबसे अधिक चालान काटे गए। मासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 39 लाख 10 हजार 500 रुपये, फरवरी में 16 लाख 45 हजार रुपये, मार्च में 2 लाख 11 हजार रुपये, अप्रैल में सर्वाधिक 44 लाख 99 हजार 800 रुपये, मई में 14 लाख 27 हजार 300 रुपये और जून में 3 लाख 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार छह माह में कुल वसूली 1 करोड़ 20 लाख 16 हजार 600 रुपये रही। यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया। ई-चालान प्रणाली के जरिए भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। लगातार चालान कटने के बावजूद कई लोग यातायात नियमों के पालन को लेकर अब भी लापरवाह बने हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर लोगों की जान बचाना है। इसी उद्देश्य से कार्रवाई के साथ-साथ स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। यातायात थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है।
सड़क सुरक्षा का महत्व
हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा यातायात नियमों का अनुपालन स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन चालक जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।


