ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार सीतामढ़ीइस वर्ष परिहार व बेला में डकैतों ने 57 लाख की संपत्ति लूटी

इस वर्ष परिहार व बेला में डकैतों ने 57 लाख की संपत्ति लूटी

परिहार | एक संवाददाता प्रखंड क्षेत्र के परिहार एवं बेला थाना क्षेत्र के इलाके...

इस वर्ष परिहार व बेला में डकैतों ने 57 लाख की संपत्ति लूटी
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,सीतामढ़ीMon, 13 Dec 2021 05:51 PM
ऐप पर पढ़ें

परिहार | एक संवाददाता

प्रखंड क्षेत्र के परिहार एवं बेला थाना क्षेत्र के इलाके में डकैतों ने इस साल 57 लाख की संपत्ति लूट ली। पीड़ितों में शिक्षक, व्यवसायी, किसान वर्ग के लोग शामिल हैं। पिस्टल दिखाकर डकैत लूटपाट करते हैं। दोनों इलाके में ताबड़तोड़ लूटपाट से लोगों में दशहत का माहौल है। क्षेत्र में लगातार हो रही घटना से लोगों का पुलिस प्रशासन पर से भरोसा उठता जा रहा हैं। परिहार व बेला में डकैतों ने इस वर्ष सात घरों को निशाना बनाया। ये सभी गरीब तबके के लोग हैं। ठंड का प्रकोप बढ़ते ही क्षेत्र में डकैती शुरू हो जाती है। परिहार व बेला में हर वर्ष तीन से चार डकैती होती है। हालांकि, परिहार व बेला में डकैती की तीन घटनाओं का पुलिस ने उद्भेदन किया। अक्टूबर में बेला थाना क्षेत्र के खैरवा मुस्लिम टोल एवं विष्णुपुर गांव में हुई डकैती कांड का खुलासा हुआ है। सितम्बर में नरंगा एवं शिवनगर में हुई डकैती मामले में पुलिस ने तीन डकैतों को गिरफ्तार किया। एक दिसंबर की रात मुजौलिया में हुई डकैती कांड का भी पुलिस ने खुलासा किया।

फरवरी से शुरू हुई डकैती

परिहार में डकैती की शुरुआत इस साल के फरवरी माह से हुई फरवरी में डकैतों ने दो घरों को निशाना बनाया। 14 फरवरी 21 को बेला थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में किसान रवींद्र साह के घर 15 लाख की संपत्ति लूट ली। 17 फरवरी को परिहार के रामनैका निवासी किसान रामबरन महतो के घर से तीन लाख की संपत्ति लूट ली। जून 21 को बेला थाना के ही बगदह टोल में डकैतों ने डकैती का प्रयास किया। दो ग्रामीणों को मारपीट कर जख्मी कर दिया था। इनमें से एक की मौत इलाज के दौरान हो गई। डकैतों ने सितंबर में बेला थाना क्षेत्र के एक ही रात दो गांवों केघरों को निशाना बनाया। नरंगा में पंडित जगन्नाथ मिश्र के घर से 10 हजार नगद, सोने का एक हनुमानी, चांदी की अंगूठी लूटकर ले गया। विरोध करने पर गृहस्वामी एवं उनकी पत्नी दुलारी देवी के साथ मारपीट की। शिवनगर में रामबहादुर साह के घर से एक लाख नगद, दो मोबाइल तथा करीब एक लाख के जेवर लूट लिए। बेला थाना क्षेत्र के खैरवा मुस्लिम टोल में डकैतों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाया। ढाई लाख कैश, जेवर समेत चार लाख की संपत्ति लूट ली। ठीक 12वें दिन डकैतों ने इसी थाना क्षेत्र के विष्णुपुर निवासी डॉ.रामप्रसाद राय के घर से 15 लाख की संपत्ति लूट ली। गत एक दिसंबर को थाना क्षेत्र के मुजौलिया में छड़-सीमेंट व्यवसायी वेदानंद साह के घर से तीन लाख नगद, आभूषण एवं तीन मोबाइल समेत 18 लाख की संपत्ति लूट ली।

खुला बॉर्डर होने से सीमा पार कर जाते डकैत, गश्ती पर उठ रहे सवाल

परिहार भारत नेपाल सीमा खुला बॉर्डर होने के कारण प्रखंड क्षेत्र के बेला एवं परिहार थाना क्षेत्र का इलाका डकैती के लिहाज से काफी संवेदनशील हैं। सीमावर्ती सर्वाधिक समीप गांव में आलम यह है कि डकैतों के भय से लोग रतजगा करने को मजबूर है। पिछले 8 वर्षों की घटनाओं में पर नजर दौड़ाई जाए तो गिरोह की चुस्ती एवं पुलिस की विफलता स्पष्ट तौर पर पता चलता है। इन 8 वर्षों के अंदर डकैतों ने दर्जन से अधिक घरों को निशाना बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। खुली बॉर्डर होने के कारण अपराधी डाका डाल कर आराम से नेपाल सीमा में लांग जते है। लेकिन इसकी भनक भारत नेपाल सीमा की सुरक्षा कि जिम्मेदारी लिए बॉर्डर की सुरक्षा में तैनात एसएसबी जवानों तक को नहीं होती। एसएसबी जवान की गश्ती फेल मानी जा रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें