पुनौरा थाने के सामने ज्वेलरी की दुकान में लाखों रुपये की चोरी
सीतामढ़ी में चोरों ने पुनौरा थाना के सामने एक ज्वेलर्स की दुकान में लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने कटर मशीन से शटर काटा और सीसीटीवी की हार्ड डिस्क भी ले गए। दुकानदार जब सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीतामढ़ी। सीतामढ़ी में चोरों का हौसला अब बुलंद होता दिख रहा है। बेखौफ चोरों ने अब पुनौरा थाना के ठीक सामने स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान का कटर मशीन से शटर काटकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिया और बगल के थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो लोगों की चोरी की बड़ी वारदात की जानकारी मिली। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस के कार्यशैली पर गहरा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया। चोरी की वारदात पास के दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है।
वहीं चोर जेवरात चोरी करने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी का हार्ड डिस्क भी खोलकर अपने साथ ले गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुनौरा थाने की पुलिस ने मामले की बारिकी से जांच की। वहीं आसपास के दुकानों में लगा सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। इस दौरान एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोर की तस्वीर पुलिस के हाथ लगी है। इसके आधार पर पुलिस चोर के पहचान का प्रयास कर रही है। वहीं मामले में चोरों का सुराग पाने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारिकी से जांच कराकर कई साक्ष्य एकत्रित किए। जानकारी के अनुसार, देर रात चोर दुकान के बाहर पहुंचा और कटर मशीन से शटर का ताला काट दिया। इसके बाद अंदर घुसकर तिजोरी तोड़कर उसमें रखा शादी-विवाह के लिए तैयार किए गए सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली। सुबह करीब चार बजे जब संचालक भोला साह दुकान पहुंचे तो शटर टूटा देख उनके होश उड़ गए। चोर सिर्फ जेवरात ही नहीं ले गए, बल्कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्डडिस्क भी निकालकर अपने साथ ले गया, ताकि पहचान के कोई सबूत न बचें। दुकान के पीछे से एक कटर मशीन बरामद की गई है, इसे वारदात में इस्तेमाल किया गया माना जा रहा है। दुकान संचालक भोला साह ने बताया कि इससे पहले भी उनकी दुकान में तीन बार चोरी हो चुकी है। पिछले साल हुई चोरी के मामले में अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस बार की घटना ने व्यापारियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। थाना के सामने इतनी बड़ी चोरी से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने रात में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



