
जानकी मंदिर में बच्चे के गले से सोने की हनुमानी लाकेट काटते युवक को लोगों ने पकड़ा
सीतामढ़ी में जानकी मंदिर में दर्शन करने आई एक महिला ने अपने बेटे के गले से सोने की हनुमानी लाकेट काटते हुए एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया। महिला के चिल्लाने पर स्थानीय लोग जुट गए और युवक की पिटाई की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीतामढ़ी। शहर के प्रसिद्ध जानकी मंदिर में दर्शन करने आए एक बच्चे के गले से सोने की हनुमानी लाकेट काटते एक युवक को बच्चे की मां ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रंगेहाथ पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर धुनाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जानकी स्थान बड़ी बाजार निवासी राजू कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल निवासी रागनी कुमारी अपने सात वर्षीय बेटे के साथ जानकी मंदिर में माता के दर्शन के लिए आई थीं।
मंदिर परिसर में भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी युवक बच्चे के गले से सोने की हनुमानी लाकेट काटने लगा। इसी दौरान महिला की नजर आरोपी पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत युवक को पकड़ लिया और जोर-जोर से चोर-चोर चिल्लाने लगीं। शोर सुनकर आसपास मौजूद दुकानदारों और पूजा-पाठ करने आए लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




