मिड-डे मील में गड़बड़ी पर मवि सहियारा के एचएम पर 5.26 लाख का जुर्माना
सीतामढ़ी के स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितताओं पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। चक्की महरुवा के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। छात्रों की उपस्थिति में कमी और खाद्यान्न के भंडारण में अनियमितता पाई गई। बथनाहा में फर्जी उपस्थिति के मामले में 5.26 लाख रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है।

सीतामढ़ी। जिले के स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितताओं पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की है। सोनबरसा प्रखंड के मध्य विद्यालय चक्की महरुवा में जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर प्रधानाध्यापक से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस बावत एमडीएम डीपीओ आयुष कुमार ने कहा है कि निरीक्षण में विद्यालय में कई गंभीर खामियां सामने आईं। 484 नामांकित छात्रों के मुकाबले मौके पर मात्र 253 छात्र ही उपस्थित मिले, जबकि पिछले छह कार्य दिवसों में औसत उपस्थिति 289 दर्ज की गई थी।
निरीक्षण के समय छात्र उपस्थिति अद्यतन नहीं थी और मिड-डे मील पंजी भी उपलब्ध नहीं पाया गया। खाद्यान्न के भंडारण और उपयोग में भी अनियमितता सामने आई। डीपीओ श्री कुमार ने प्रधानाध्यापक को छात्र उपस्थिति पंजी, पोषाहार पंजी, चखना पंजी सहित सभी अभिलेखों की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, बथनाहा प्रखंड के मध्य विद्यालय सहियारा में फर्जी उपस्थिति दिखाकर राशि निकासी के मामले में भी बड़ा एक्शन लिया गया है। जांच के आधार पर प्रधानाध्यापक पर कुल 5 लाख 26 हजार 10 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। इसमें पहले से लंबित 1.73 लाख रुपये का दंड भी शामिल है, जो अब तक जमा नहीं किया गया था।डीपीओ ने संबंधित प्रधानाध्यापक को सात दिनों के भीतर पूरी राशि जमा करने का निर्देश दिया है। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर वेतन से वसूली की कार्रवाई शुरू की जाएगी।बीआरपी का मानदेय में 10 फीसदी की कटौती:स्कूलों का कमजोर अनुश्रवण के लिए बथनाहा प्रखंड के एमडीएम बीआरपी के अप्रैल के मानदेय में 10 प्रतिशत की कटौती का आदेश दिया गया है। डीपीओ ने कहा है कि योजना में पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


