Sitamarhi News: आधारभूत संरचनाओं की मजबूती को लेकर चलेगा विशेष अभियान
Sitamarhi News: सीतामढ़ी में एक बैठक में बिहार सरकार के निर्देशों के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने और नई परिसंपत्तियों के निर्माण पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर प्रति पंचायत 10 योजनाओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया। विद्यालय, आंगनबाड़ी, और स्वास्थ्य संसाधनों पर विशेष ध्यान दिया गया।

Sitamarhi News: सीतामढ़ी। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण तथा आवश्यकतानुसार नई परिसंपत्तियों के निर्माण को लेकर विशेष अभियान के तहत बैठक हुई। बैठक में मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकता एवं प्राथमिकता के आधार पर करीब 10 योजनाओं को चिह्नित किया जाए। इनमें पंचायत स्तर की आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन तथा आवश्यकतानुसार नए निर्माण को शामिल किया जाएगा।
विद्यालय भवन एवं अन्य शैक्षणिक आधारभूत संरचनाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों तथा स्वास्थ्य उपकेंद्रों के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। स्थानीय जरूरत से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण एवं जनोपयोगी योजनाओं को भी प्राथमिकता देने को कहा गया।


