जिले के अलावा नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण बागमती व अधवारा समूह की नदियों के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। बागमती नदी के ढेंग व कटौझा में जलस्तर लाल निशान उपर पहुंच गया है। वहीं सुंदरपुर में झीम नदी भी लाल निशान के उपर बह रही है।
शेष सभी जगहों पर बागमती व अधवारा समूह की नदियां लाल निशान से दो-तीन मीटर नीचे बह रही है। नदियों के जलस्तर में हुई वृद्धि से जिले में फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा हैं। इसके मद्देनजर डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तटबंध पर नजर रखने का निर्देश दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर तक तेज हवा के साभ भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इसको लेकर ऐतिहात के तौर पर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
लखनदेई नदी का तेजी से बढ़ रहा जलस्तर: शहर से गुजरने वाली लखनदेई नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। जलस्तर में वृद्धि होने से लखनदेई पुल से उत्तर बना डायवर्सन पर पानी चढ़ गया है। इससे आवागमन बाधित हो गया है।
यदि इसी प्रकार जलस्तर में वृद्धि होती रही तो फिर निचले इलाके में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाएगा। इसको लेकर निचले इलाके के लोग पलायन के भय से चिंतित है।
पुपरी में नदियों के जलस्तर में वृद्धि शुरू: पुपरी। नेपाल के जलाधिग्रहण क्षेत्र के अलावा आसपास में लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। पुपरी के बुढ़नद नदी के अलावा रातो, मरहा, अधवारा, धौंस नदियों के जलस्तर में वृद्धि से इलाके के किसानों व लोगों चिंतित हैं। इससे पहले इस क्षेत्र में दो बार बाढ़ आने के कारण डूबे फसलों की मार झेल चुके हैं।