नहर का होगा सौंदर्यीकरण, एजेंसी चयन को निकली निविदा
सीतामढ़ी की प्रसिद्ध नहर का सौंदर्यीकरण करने के लिए नगर निगम ने निविदा जारी की है। जल निकासी, सफाई, और सुरक्षा के साथ-साथ नहर किनारे पार्क और वॉकिंग ट्रैक का विकास होगा। पार्षद सीमांत शेखर ने इस निर्णय का स्वागत किया और कहा कि इससे शहर का विकास तेजी से होगा।

सीतामढ़ी। शहर की पहचान मानी जाने वाली प्रसिद्ध नहर अब नए रूप में नजर आएगी। नगर निगम ने नहर के सौंदर्यीकरण के लिए एजेंसी चयन को लेकर निविदा (एनआईटी) जारी कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही विकास कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। निगम प्रशासन का दावा है कि यह परियोजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक स्वरूप प्रदान करेगी। नगर निगम सूत्रों के अनुसार, नहर के सौंदर्यीकरण के तहत सबसे पहले जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। बरसात के दिनों में जलजमाव और गंदगी की समस्या से निजात दिलाने के लिए नहर की सफाई, गाद निकालने तथा जल प्रवाह को सुचारू बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसके साथ ही नहर के दोनों किनारों को व्यवस्थित कर पक्का घाट, रेलिंग और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमलोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परियोजना के अंतर्गत नहर किनारे आकर्षक पार्क, पैदल पथ (वॉकिंग ट्रैक) और बैठने की आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी। हरियाली बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था कर पूरे क्षेत्र को मनोहारी बनाया जाएगा। निगम प्रशासन का मानना है कि यह स्थल आने वाले समय में शहरवासियों के लिए प्रमुख घूमने-फिरने और स्वास्थ्य गतिविधियों का केंद्र बन सकता है। स्थानीय पार्षद पहली बोर्ड से उठा रहे मुद्दा: स्थानीय वार्ड संख्या 31 के पार्षद सीमांत शेखर ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से नहर के सौंदर्यीकरण का मुद्दा लगातार बोर्ड की बैठकों में उठाते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व की बोर्ड बैठकों में भी उन्होंने इस विषय को प्रमुखता से रखा था। गत बोर्ड की बैठक में भी मैंने नहर के सौंदर्यीकरण का मामला उठाया था। अब सशक्त स्थायी समिति की बैठक में एजेंसी चयन की निविदा पारित होने से मुझे खुशी है,लेकिन जबतक कार्य शुरु नहीं हो जाता तबतक विश्वास नहीं होगा। क्योंकि नगर निगम का कार्य काफी लेट -लतीफ चलता है। हालांकि,पार्षद सीमांत शेखर ने कहा कि नहर का सौंदर्यीकरण जितनी जल्द पूरा होगा, शहर के विकास को उतनी ही गति मिलेगी। यह परियोजना न सिर्फ सौंदर्य बढ़ाएगी, बल्कि शहर के समग्र विकास में चार चांद लगाएगी। उन्होंने कहा इससे आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति सुधरेगी और नागरिकों को एक स्वच्छ व सुव्यवस्थित वातावरण मिलेगा । निर्धारित समयसीमा के अन्दर कार्य पूरा किए जाने का दावा: नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जाएगी। योग्य एजेंसी के चयन के बाद निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराने का लक्ष्य र है। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग होगी, ताकि गुणवत्ता से समझौता न हो। लंबे समय से उपेक्षित रही नहर के नए रुप में विकसित होने से क्षेत्र गंदगी और अतिक्रमण से मुक्त होकर एक सुंदर सार्वजनिक स्थल के रुप में विकसित होगा। स्थानीय लोग बताते हैं इसके सौंदर्यीकरण से शहर की नई पहचान बन सकती है और नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आकर्षक स्थल उपलब्ध हो जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


