
गांधी चौक से गोशाला चौक तक नोकझोंक के बीच हटाया कब्जा
सीतामढ़ी में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। नगर निगम की टीम ने गांधी चौक से गौशाला चौक तक अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया। दुकानदारों ने विरोध किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने हस्तक्षेप किया। अभियान के दौरान 16 अतिक्रमणकारियों पर 12,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
सीतामढ़ी। शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान बुधवार को भी जारी रहा, लेकिन आज का दिन नगर निगम और प्रशासन के लिए काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। नगर निगम द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी राहुल कुमार एवं डुमरा अंचल की अंचल अधिकारी डॉली कुमारी के नेतृत्व में निगम की टीम सुबह निगम परिसर से जेसीबी और ट्रैक्टर के साथ निकली और गांधी चौक से लेकर जानकी स्थान, जानकी स्थान से गौशाला चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। गौशाला चौक पर जोरदार विरोध, दुकान हटाने पर मचा हंगामा: गौशाला चौक पर जब टीम एक दुकान के बाहर तक फैले ठेले और सामान को हटाने लगी, तो दुकानदारों ने जोरदार विरोध शुरु कर दिया।
कुछ दुकानदार सड़क पर उतर आए और कार्रवाई रोकने की कोशिश करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बल को बीच में आना पड़ा। विरोध इतना बढ़ गया कि लगभग 15 मिनट तक माहौल तनावपूर्ण रहा। गांधी चौक और वीर कुंवर सिंह चौक के बीच हाथापाई की नौबत: अभियान दल को सबसे अधिक विरोध गांधी चौक और वीर कुंवर सिंह चौक के बीच झेलना पड़ा। कई दुकानदार वर्षों से सड़क तक दुकान फैलाकर बैठे थे। टीम द्वारा रोकने पर एक दुकानदार उलझ गया और निगम कर्मी से धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। स्थानीय पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क पूरी तरह बाधित हो चुकी थी और चेतावनी के बावजूद कई दुकानदार अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं थे। रेड क्रॉस के सामने भी हंगामा, दुकानदार जुर्माना लगने पर भड़का: रेड क्रॉस भवन के सामने एक दुकानदार द्वारा दुकान सड़क तक फैलाने पर टीम ने रोक लगाई। दुकानदार ने विरोध किया और झंझट करने लगा। निगम ने उसे जुर्माना लगाया, जिसके बाद वह और आक्रामक व्यवहार करने लगा। पुलिस ने मौके पर हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली। 16 अतिक्रमणकारियों पर 12,000 रुपए का जुर्माना: बुधवार को कुल 16 लोगों से 12,000 रुपए जुर्माना वसूला गया। निगम ने कई जगहों से ठेले, लोहे के फ्रेम, बोर्ड, प्लास्टिक काउंटर, दोपहिया वाहन और अन्य सामान जब्त किया। नोडल अधिकारी राहुल कुमार ने कहा किविरोध और हंगामे के बावजूद अभियान जारी रखा गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




