स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए निगम सतर्क, बेहतर रैंकिंग को चलेगा अभियान
सीतामढ़ी नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयारी तेज कर दी है। शहर में स्वच्छता जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जाएगा, जिसमें दीवार पेंटिंग, पोस्टर और बैनर शामिल हैं। सार्वजनिक शौचालयों का उन्नयन भी किया जाएगा और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

सीतामढ़ी। स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने को लेकर नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। इस संबंध में हुई समीक्षा में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, वहीं बोर्ड की बैठक में भी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई थी। जहां गत वर्ष सर्वेक्षण में अपेक्षा से कम अंक मिलने पर चिंता जताते हुए इस बार सभी मानकों पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया था। नगर निगम की ओर से शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान को तेज करते हुए दीवार पेंटिंग, पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा सके और जनभागीदारी बढ़े।
अनवरत सफाई व्यवस्था बनाए रखने की कवायद: शहर के व्यावसायिक इलाकों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ अनवरत सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कवायद की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त डस्टबिन लगाए जाएंगे। निगम का मानना है कि पर्याप्त कूड़ेदान उपलब्ध होने से कचरा इधर-उधर फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगेगी और शहर की साफ-सफाई बेहतर होगी। सार्वजनिक शौचालयों को होगा उन्नयन: नगर आयुक्त डॉ.गजेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया शहरी क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालयों का उन्नयन किया जाएगा। नगर उद्यान के समीप सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं से लैस शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही सभी सार्वजनिक शौचालयों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए सफाई कर्मियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित सुविधा मिल सके। जिसके लिए निगम बोर्ड से भी हरी झंडी मिल चुकी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


