तीन दिन बाद फिर बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज

Jan 15, 2026 11:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
share Share
Follow Us on

सीतामढ़ी में तीन दिनों की धूप से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 17-18 जनवरी से ठंड फिर बढ़ सकती है। धूप से बाजारों में रौनक लौटी है, लेकिन कोहरे की समस्या फिर से गंभीर हो सकती है।

तीन दिन बाद फिर बिगड़ सकता है मौसम का मिजाज

सीतामढ़ी। जिले में कड़ाके की ठंड से फिलहाल लोगों को कुछ राहत मिली है। बीते तीन दिनों से निकल रही धूप और दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी के कारण जनजीवन सामान्य होता दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों में जिले के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 09.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। धूप निकलने से सुबह और शाम की ठंड के बावजूद दिन में लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिल रही है।

17-18 जनवरी से मौसम फिर ले सकता करवट : हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि यह राहत अस्थायी है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 17 और 18 जनवरी से मौसम फिर करवट ले सकता है। इसके असर से जिले में एक बार फिर ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी। साथ ही कोहरे की समस्या भी दोबारा गंभीर हो सकती है। धूप निकलने से बाजारों में लौटी रौनक : बीते सप्ताह जिले में घने कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा था। सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो जाने से सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा था। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी थी। फिलहाल धूप निकलने से बाजारों में रौनक लौटी है और लोग आवश्यक कामकाज के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;