
चार थानों में नए थानेदार, पिकेट प्रभारी भी बदले, तीन थानेदार का पद रिक्त
सीतामढ़ी में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिसिंग में बड़ा फेरबदल किया है। 2018 बैच के 16 दारोगाओं में से चार को थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अन्य को विभिन्न थानों पर...
सीतामढ़ी। जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने पुलिसिंग में बड़ा फेरबदल किया है। इस क्रम में मुजफ्फरपुर से बदल सीतामढ़ी आए 2018 बैच के 16 दारोगा में से चार को थानाध्यक्ष और एक पुलिस पिकेट प्रभारी की जवाबदेही सौंपकर एक नई जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं 2018 बैच के 12 दारोगा को विभिन्न थानों व अन्य स्थानों पर तैनात कर विधि-व्यवस्था में संभालने का निर्देश दिया गया है। नए आदेश के मुताबिक पुनौरा थाना का नेतृत्व अब रमण राज करेंगे। सुप्पी थाना की बागडोर संजीत कुमार को सौंपी गई है।
बोखड़ा थाना की जिम्मेदारी सुरेंद्र कुमार को दी गई है। जबकि चोरौत थाना में मोनी कुमारी को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी तरह से नगर थाना क्षेत्र के भासर पुलिस पिकेट की कमान रविकांत कुमार को दी गई है। वहीं मुजफ्फरपुर से आए दारोगा पंकज यादव को डीआईयू, मो. नजरे आलम को मेहसौल थाना, मोनू कुमार को डीआईयू, ललन कुमार को पुपरी थाना, राजन कुमार को डुमरा थाना, अमर राज को मेजरगंज थाना, सुनील कुमार यादव को सोनबरसा थाना, अरविन्द कुमार गिरी को रीगा थाना, बीरबल कुशवाहा को रुन्नीसैदपुर थाना और रचयिता कुमारी को महिला थाने में विधि-व्यवस्था संभालने की जवाबदेही दी गई है। वहीं दारोगा सोनी कुमारी को बैरगनिया थाने में महिला हेल्प डेस्क प्रभारी बनाया गया है। एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह बदलाव अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग की गुणवत्ता और आम लोगों को बेहतर सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम है। हाल के दिनों में संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर तिरहुत प्रक्षेत्र के डीआईजी ने सीतामढ़ी जिले में पांच वर्ष से अधिक समय से पदस्थापित 2018 बैच के 28 दारोगाओं का स्थानांतरण कर दिया था। इसके बाद से जिले के सात थानों में थानेदार का पद खाली हो गया था। इनमें से चार थानों में मुजफ्फरपुर पुलिस बल से स्थानांतरित होकर आए 2018 बैच के दारोगाओं को थाने की कमान दी गई है। वहीं, 12 दारोगाओं को विभिन्न थानों और इकाइयों में नई जवाबदेही मिली है। हालांकि, जिले के तीन थानों में अब भी थानेदार का पद रिक्त है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




