साधु बनकर ठगी करने वाले पांच शातिर गिरफ्तार
सीतामढ़ी में नगर थाना पुलिस ने साधु वेशधारी ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच ठगों को गिरफ्तार किया, जो पंजाब के निवासी हैं। ठगों ने एक व्यक्ति से सोने की अंगूठी ठगी थी। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने होटल में छापेमारी की और उन्हें पकड़ा।

सीतामढ़ी । नगर थाना पुलिस ने शहर में लंबे समय से सक्रिय साधु वेशधारी ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के पांच शातिरों को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से पंजाब के रहनेवाले हैं। इनके पास से पीड़ित की ठगी गई सोने की अंगूठी भी बरामद की गई है। यह गिरोह स्टेशन रोड स्थित एक होटल को अपना ठिकाना बना रखा था। ठगी के खेल का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार को शहर के सरावगी चौक निवासी संदीप कुमार इसका शिकार बने। ठगों ने उन्हें अपने झांसे में लेकर सोने की अंगूठी ठग ली। सजगता दिखाते हुए पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बताया कि ठग स्टेशन रोड के एक होटल में ठहरे हुए हैं।
सूचना मिलते ही मेहसौल और नगर थाने की टीम ने होटल में छापेमारी कर पांचों को दबोच लिया।साधु का वेश धरकर जेवरात पर करते थे हाथ साफ : ठगों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे साधु का वेश धारण कर भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बनाते थे। वे लोगों को झांसे में लेकर उनके कीमती जेवरात ठग लेते थे। सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित संदीप कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि तीन दिन पूर्व गोला रोड में एक महिला के साथ हुई ठगी में भी क्या इसी गिरोह का हाथ था।होटल को बना रखा था ‘कंट्रोल रूम’ : हैरानी की बात यह है कि यह गिरोह काफी समय से शहर के बीचोंबीच स्थित होटल से अपनी गतिविधियां चला रहा था।, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा पूर्व में की गई ठगी की घटनाओं की पड़ताल कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े और खुलासे हो सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


