
कुख्यात रंजन पाठक को सीएसपी संचालक की हत्या की सुपारी देने वाला धराया
पुपरी पुलिस ने सुपारी चोरौत के सीएसपी संचालक श्रवण कुमार की हत्या के मुख्य षड्यंत्रकारी इंद्रजीत राय को गिरफ्तार किया है। इंद्रजीत ने कुख्यात रंजन पाठक गिरोह को 1.70 लाख रुपये में सुपारी दी थी। पुलिस ने उसे न्यू फोरलेन मिथिला रिसोर्ट के पास से हथियार के साथ पकड़ा। इस मामले में कई अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुपरी। कुख्यात रंजन पाठक गिरोह को सुपारी चोरौत के सीएसपी संचालक की हत्या करवाने वाले मुख्य षड्यंत्रकारी को पुलिस ने दबोच लिया है। सुपारी देकर सीएसपी संचालक की हत्या करवाने मुख्य षड्यंत्रकारी चैनपुरा गांव निवासी सुरज के पुत्र के इंद्रजीत राय को पुपरी पुलिस ने न्यू फोरलेन मिथिला रिसोर्ट के पास से गुप्त सूचना के आधार पर हथियार के साथ दबोच लिया। पुलिस को उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। इसकी जानकारी एएसपी सह पुपरी एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने प्रेसवार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को चोरौत में सीएसपी संचालक श्रवण कुमार की उसके सीएसपी में दिनदहाड़े घुसकर कुख्यात रंजन पाठक गिरोह के सदस्यों ने गोलियों से भून दिया था।
हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस को जानकारी मिली कि 1.70 लाख रुपये में सुपारी लेकर रंजन पाठक गिरोह ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक सीएसपी संचालक के रिश्तेदार मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया। उसने पुलिस को बताया था कि इंद्रजीत राय ने सुरसंड थाना क्षेत्र के मलाही के शूटर रंजन पाठक से मिलवाया और सीएसपी संचालक श्रवण की हत्या का सुपारी दी। एएसपी ने बताया कि इस कांड में शामिल कई लोगों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं हत्याकांड को अंजाम देने वाले कुख्यात रंजन पाठक और उसके गिरोह के अमन ठाकुर, विमलेश कुशवाहा व मनीष पाठक बिहार एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दिल्ली में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस हत्याकांड के साजिश रचने वाले मुख्य षड्यंत्रकारी इंद्रजीत राय की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को उसे दबोचने में सफलता मिली है। इंद्रजीत राय के विरुद्ध पुपरी व चोरौत में मारपीट, शराब तस्करी, चोरी, हत्या का मामला दर्ज है। श्रवण कुमार हत्याकांड में तकनीकी पुख्ता साक्ष्य के तहत कुल आठ अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। जिसमें अपराधी रंजन पाठक, अमन ठाकुर, विमलेश कुशवाहा व मनीष पाठक दिल्ली एनकाउंटर में मारा जा चुका है। जबकि तीन अपराधी मुकेश कुमार, सरोज कुमार व महानन्द कुमार को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




