अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर, भुगतनी होगी जेल
शिवहर में होली और रमजान पर्व को लेकर कलेक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक हुई। डीएम प्रतिभा रानी ने सभी समुदायों से मिलकर पर्व मनाने की अपील की और डीजे के प्रयोग पर पाबंदी लगाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बचने की चेतावनी दी और अधिकारियों को बिजली-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिवहर। होली एवं रमजान पर्व को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक डीएम प्रतिभा रानी एवं एसपी शुभांक मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें लोगों से होली पर्व एवं रमजान शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई। बैठकमें डीएम ने कहा कि इस वर्ष होली और रमजान का संगम है, जो हमारी मिली-जुली संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे दोनों समुदायों के बीच समन्वय बनाए रखें ताकि सभी नागरिक अपने-अपने पर्व पूरी आस्था और हर्षोल्लास के साथ मना सकें।
बैठक में कड़े निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान डीजे का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। डीएम ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट डालने वालों पर ‘साइबर सेल’ की पैनी नजर है। अफवाह फैलाने वालों को सीधे चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा।डीएम ने नगर निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि रमजान के दौरान सुबह ‘सहरी’ और शाम ‘इफ्तार’ के समय तथा होली के दिन बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों और धर्मस्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि वे देर रात और सुबह के समय विशेष गश्ती करें ताकि इबादत करने वालों और पर्व मनाने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह महीना त्याग, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे अफवाहों से दूर रहें और एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए जिले में अमन-चैन बनाए रखें। बैठक में दोनो समुदाय के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


