‘परीक्षा की तैयारी हमारी साझी जिम्मेदारी है’

Mar 01, 2026 12:35 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
share

सीतामढ़ी जिले के सभी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इसका थीम 'परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी' था। अभिभावकों ने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और परीक्षा की तैयारी पर शिक्षकों के साथ चर्चा की। संगोष्ठी में बच्चों की समस्याओं को समझने और समाधान पर जोर दिया गया।

‘परीक्षा की तैयारी हमारी साझी जिम्मेदारी है’

सीतामढ़ी। जिले के सरकारी, गैर-सरकारी, अनुदानित, संस्कृत एवं मदरसा समेत सभी प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में शनिवार को अभिभावक -शिक्षक संगोष्ठी आयोजित हुई। शिक्षा विभाग के गाइडलाइन के तहत आयोजित संगोष्ठी का थीम ‘परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी’ था। वार्षिक परीक्षा से पूर्व आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा की तैयारी व समग्र विकास पर शिक्षकों के साथ विस्तार से चर्चा की। आर्य समाज गुरुकुल आवासीय संस्कृत उच्च विद्यालय में आयोजित संगोष्ठी में प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। निरंतर संवाद से बच्चों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में मदद मिलती है।

परीक्षा के समय उन्हें सकारात्मक माहौल और मानसिक मजबूती देना हम सभी की जिम्मेदारी है। मौके पर शिक्षक तरुण कुमार, गुणानंद सिंह, पंकज कुमार, कुमारी सरोज शरण, कृष्णा गुप्ता आदि शिक्षक मौजूद थे। मिडिल स्कूल सुहई मालिकाना डुमरा में प्रधानाध्यापक दीनानाथ सिंह की अध्यक्षता में संगोष्ठी आयोजित हुई। उन्होंने वार्षिक मूल्यांकन 2025-26 के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा 12 मार्च से 19 मार्च तक आयोजित होगी। सभी छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इस अवधि में अभिभावक बच्चों को अन्यत्र नहीं भेजेंगे। 30 मार्च को पुन: अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कर परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। अप्रैल माह से नए सत्र की शुरुआत होगी और उत्तीर्ण छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया जाएगा। बैठक में शिक्षक रामनाथ राम, सुनीता कुमारी, असरा बानो, संगीता कुमारी, पूजा कुमारी सहित दर्जनों अभिभावक मौजूद थे। डुमरा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गरैया टोला में प्रभारी प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में करीब 40 अभिभावक शामिल हुए। यहां बच्चों की नियमित उपस्थिति, पढ़ाई की निरंतरता और परीक्षा की तैयारी पर विशेष बल दिया गया। इसी तरह अन्य कई स्कूलों में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित हुई। उधर डीईओ राघवेन्द्र मणि त्रिपाठी, एसएसए डीपीओ सौरभ प्रियदर्शी व संभाग प्रभारी ने स्कूलों में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का मॉनिटरिंग कर हेडमास्टरों को आवश्यक दिशानिर्देश दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।