Sitamarhi News: चोरी की बाइक की डिक्की से एक किलो चरस जब्त, दो शातिर गिरफ्तार
Sitamarhi News: पुलिस गिरफ्त में चरस के साथ पकड़े गए दोनों शातिर बदमाश। चोरी की बाइक की डिक्की से एक किलो चरस जब्त, दो शातिर गिरफ्तार

Sitamarhi News: बाइक की डिक्की से एक किलो चरस जब्त, दो शातिर गिरफ्तार सीतामढ़ी। इंडो-नेपाल बॉर्डर से नशे की बड़ी खेप लेकर मुजफ्फरपुर की तरफ बढ़ रहे दो शातिर बदमाशों के मंसूबों पर नगर थाना पुलिस ने पानी फेर दिया है। पुलिस ने हुसैना पुल के पास घेराबंदी कर चोरी की बाइक पर सवार दो तस्करों को एक किलो चरस के साथ रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बथनाहा थाना क्षेत्र किशनपुर वार्ड 09 के चंदन मेहरा उर्फ राहुल कुमार और बेलसंड थाना क्षेत्र भटवलिया के सौरभ कुमार बैठा उर्फ रवि बैठा उर्फ 'मौत' के रूप में हुई है। नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा से दो युवक बाइक पर चरस लादकर हुसैना के रास्ते मुजफ्फरपुर निकलने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हुसैना पुल के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी बीच एक ही बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर गाड़ी मोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खदेड़कर दोनों को दबोच लिया। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ और तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक किलो चरस बरामद की गई। जब पुलिस ने बाइक के कागजात मांगे, तो दोनों कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। जांच में स्पष्ट हुआ कि जिस बाइक का इस्तेमाल वे तस्करी के लिए कर रहे थे, वह भी चोरी की है। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का सनसनीखेज आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। दोनों आरोपी मामूली तस्कर नहीं, बल्कि पेशेवर अपराधी हैं और पूर्व में बथनाहा और रीगा थाना क्षेत्र से हत्या के संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने जब्त चरस और चोरी की बाइक को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


