
बिहार में अपराध, लूट और हत्या का साम्राज्य हैं कायम: मुकेश सहनी
रीगा/बोखड़ा में वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासन से जनता उब चुकी है। उन्होंने महागठबंधन के समर्थन में मतदान की अपील की और कहा कि सरकार में गरीबों का शोषण हो रहा है। सहनी ने 500 रुपये में गैस सिलेंडर और किसानों के लिए योजनाओं का आश्वासन दिया।
रीगा/बोखड़ा। नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासन से जनता पूरी तरह उब चुकी है। अपराध लूट, हत्या, बलात्कार, फिरौती का साम्राज्य कायम है। किसी कार्यालय में चले जाइए, बिना रिश्वत काम नहीं होता है। अब पूरे राज्य में परिवर्तन की आंधी चल रही है। उक्त बातें वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने रीगा और बोखड़ा में आयोजित चुनावी सभा में महागठबंधन समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में समाज के दबे कुचले अति पिछड़े वर्ग के लोगों का शोषण लगातार जारी है। कोई गरीबों की आवाज सुनने वाला नहीं है।

मुकेश सहनी ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनेगी तो 500 रुपये में गैस सिलेंडर, जीविका दीदी को 30 हजार प्रति वर्ष में एक बार दिया जाएगा। किसानों के खुशहाली के लिए कई योजनाओं का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। उनके साथ पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता कन्हैया कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में सरकार बदलिए, विधायक अमित कुमार टुना को बनाइए। क्योंकि अमित कुमार टुना विधायक के पद पर न रहते हुए भी गरीबों की सेवा में हमेशा तत्पर रहते हैं। आज बिहार एवं केंद्र सरकार सिर्फ अडानी-अंबानी के बारे में गंभीरता पूर्वक सोच रही है। किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों के बारे में क्रूर मजाक करती है। लोगों को पैसा देकर वोट खरीदती है। इस चक्कर में नहीं पड़ना है। मुकेश सहनी ने बाजपट्टी विधानसभा क्षेत्र के कुरहर खेल मैदान में शनिवार को आयोजित एक भव्य चुनावी जनसभा में महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी मुकेश कुमार यादव के पक्ष में समर्थन जुटाया। सहनी ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और जनसरोकार आधारित सरकार बनाने का अवसर है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


