युवक का मिला शव, हत्या की आशंका
सोनबरसा के वीरता गांव में एक युवक का शव आम के बगीचे में खून से लथपथ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पहचान विकास पासवान (27) के रूप में हुई। परिवार ने बताया कि वह मजदूरी करता था और शुक्रवार को घर से निकला था। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।

सोनबरसा। थाना क्षेत्र की पुरन्दाहा राजबाड़ा पुर्वी पंचायत के वीरता गांव से पश्चिम आम के बगीचा में खून से लथपथ एक युवक का शव मिला। शव देखकर आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से वारकर उसकी हत्या की गई होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी पहचान फेंकू पासवान के पुत्र विकास पासवान (27) के रूप में की गयी है। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की सुबह शौच के लिए जा रहे लोगों को खेत में शव पर नजर पड़ी। लोगों ने चौकीदार को सूचना दी। चौकीदार ने थाना को सूचना दी। सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, सब-इंस्पेक्टर अरुण कुमार, जमादार दिग्विजय सिंह एवं अनु भारती घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की।
परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन ने बताया कि विकास मजदूरी कर परिवार का भरनपोषण करता था। शुक्रवार को वह रोज की तरह घर से निकला था। लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। आसपास में उसका पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह में शव मिलने की सूचना मिली। लोगों ने बताया कि शव पर मारपीट के साथ धारदार हथियार के वार का भी निशान था। हालांकि खबर लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी। प्रभारी थानेदार ने बताया कि आशंका है कि मारपीट के साथ ही कोई धारदार हथियार से वार किया गया है। प्रारंभिक छानबीन में प्रेमप्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है। हालांकि अनुसंधान के बाद ही मौत की वजह का पता चलेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




