2500 स्ट्रीट लाइट और 1000 साइनेज बोर्ड पर लगेगी मुहर
मनीष झा सीतामढ़ी। नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव, नागरिक सुविधाओं और पेयजल संकट से निपटने के लिए 20 जून को सामान्य बोर्ड बैठक आयोजित होगी। बैठक में साइनेज बोर्ड, स्ट्रीट लाइटों की खरीद और रखरखाव पर चर्चा होगी। मानसून को देखते हुए जलनिकासी व्यवस्था पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

मनीष झा सीतामढ़ी। नगर निगम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जलजमाव से राहत और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लेने के लिए 20 जून को नगर निगम की सामान्य बोर्ड बैठक आयोजित होगी। मेयर के निर्देश पर नगर सचिव ने निगम के सभी 46 वार्ड पार्षदों, स्थानीय विधायक एवं सांसद को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भेज दिया है। बैठक में कुल 11 सूत्री एजेंडों पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
साइनेज बोर्ड का महत्व
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा नगर निगम क्षेत्र में साइनेज बोर्ड लगाने से संबंधित है। कार्यपालक अभियंता, नगर विकास प्रमंडल को साइनेज बोर्ड स्थापना के लिए एलओए प्राप्त हो चुका है। योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में करीब 1000 साइनेज बोर्ड लगाए जाने हैं। बोर्ड की बैठक में सभी 46 वार्डों में साइनेज बोर्ड लगाने के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन किया जाएगा। साथ ही साइनेज बोर्ड और गैंट्री गेट के डिजाइन का भौतिक अनुमोदन भी लिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार कार्यादेश जारी होने से पूर्व बोर्ड की स्वीकृति आवश्यक है। शहर में बेहतर रोशनी व्यवस्था को लेकर प्रथम चरण में 2500 स्ट्रीट लाइट की खरीद एवं अधिष्ठापन के लिए तैयार निविदा प्रारूप पर भी विचार किया जाएगा। महापौर की टिप्पणी के आलोक में तैयार निविदा दस्तावेज को बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पेय जल संकट का समाधान
पेय जल संकट से निपटने को लेकर वॉटर टैंकर का होगा क्रय : गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निपटने के लिए नगर निगम पांच नए वॉटर टैंकर खरीदने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए कार्यपालक अभियंता द्वारा तैयार निविदा प्रारूप को अनुमोदन के लिए बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि अतिरिक्त टैंकर उपलब्ध होने से विभिन्न वार्डों में जरूरत पड़ने पर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा नगर निगम के कार्यों के सुचारु संचालन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जनरेटर सेट की खरीदारी संबंधी निविदा प्रारूप पर भी चर्चा होगी। बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद खरीद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
स्ट्रीट लाइटों की रखरखाव
पूर्व से स्थापित स्ट्रीट लाइट भी होगी ठीक : शहर में पूर्व से स्थापित स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अलग से निविदा निकालने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है। कार्यपालक अभियंता द्वारा तैयार निविदा प्रारूप पर विचार कर बोर्ड से स्वीकृति ली जाएगी ताकि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को समय पर दुरुस्त किया जा सके।
जलजमाव की समस्या
जलजमाव के समस्या पर होगगा विचार : मानसून के आगमन को देखते हुए शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है। जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कार्य कराने के लिए तैयार निविदा प्रारूप पर चर्चा कर अनुमोदन किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि समय रहते योजना लागू होने से बारिश के दौरान लोगों को राहत मिलेगी। बैठक में विभागीय पत्रों के आलोक में प्राप्त विभिन्न योजनाओं के आवेदनों पर भी विचार किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों एवं आवेदनों की समीक्षा कर उनके निष्पादन और निस्तारण पर निर्णय लिया जाएगा। नगर निगम सूत्रों के अनुसार बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों का सीधा असर शहर की आधारभूत सुविधाओं, पेयजल व्यवस्था, रोशनी, यातायात संकेत व्यवस्था और जलनिकासी प्रणाली पर पड़ेगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


