आपदा से निपटने की तैयारी का लिया जायजा
सीतामढ़ी के सदर अस्पताल में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार सुबह 8 बजे मॉकड्रिल आयोजित किया गया। इसमें भूकंप और आग लगने की संभावित स्थितियों का पूर्वाभ्यास किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिकता के आधार पर मरीजों को विभिन्न जोनों में भेजने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

सीतामढ़ी। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने व सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को सुबह 8 बजे सदर अस्पताल में मॉकड्रिल हुआ। भूकंप व आग लगने की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य प्रशासन द्वारा यह पूर्वाभ्यास किया गया, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित व प्रभावी राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। इस अभ्यास में भूकंप की काल्पनिक स्थिति बनाकर विभिन्न परिदृश्यों का परीक्षण किया गया। ड्रिल के दौरान यह प्रदर्शित किया गया कि यदि भूकंप के दौरान कोई व्यक्ति कार्यालय, बाथरूम या अन्य स्थानों पर फंस जाए तो उसे किस प्रकार सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर ट्रायेज एरिया तक पहुंचाया जाएगा।
वहां से मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार अलग-अलग जोन में भेजने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को ‘रेड जोन’ में रखकर प्राथमिकता के आधार पर इलाज किया जाएगा। मध्यम रूप से घायल मरीजों को ‘येलो जोन’ में तथा हल्की चोट वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान यह भी देखा गया कि आपदा के समय सामान्य चिकित्सा सेवाएं बाधित न हों, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन किस प्रकार समानांतर व्यवस्था बनाए रखेगा। ड्रिल में अग्निकांड की स्थिति का भी पूर्वाभ्यास किया गया। आग लगने की स्थिति में मरीजों की सुरक्षित निकासी, फायर सेफ्टी उपकरणों के उपयोग और एंबुलेंस समन्वय की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, उपाधीक्षक डॉ. मुकेश कुमार, अस्पताल प्रबंधक विजय चंद्र झा सहित अस्पताल के चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मॉकड्रिल से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने और संसाधनों के समुचित उपयोग की क्षमता बढ़ती है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सुव्यवस्थित ढंग से कार्य करना ही महत्वपूर्ण है। इस पूर्वाभ्यास का उद्देश्य यही सुनिश्चित करना है कि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके और मरीजों को समय पर समुचित उपचार मिल सके ।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



