‘अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ’

Newswrap हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
Follow us on Google News
share

शिवहर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बैठक में अधिवक्ताओं को नैतिक आचरण और शिष्टाचार के मानकों के प्रति जागरूक किया गया। न्यायाधीश ललन कुमार रजक ने कहा कि वकालत एक पवित्र दायित्व है और अधिवक्ताओं का अनुशासन न्यायपालिका पर जनता के विश्वास को बढ़ा सकता है।

‘अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ’

शिवहर। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में सोमवार को एडीआर भवन के सभाकक्ष में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह न्यायाधीश ललन कुमार रजक की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों के भाग छह व अध्याय दो में निहित पेशेवर आचरण और शिष्टाचार के मानकों के प्रति अधिवक्ताओं का ध्यान आकृष्ट कराया गया। बैठक में प्राधिकार के सचिव सह न्यायाधीश ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का एक अभिन्न स्तंभ हैं और समाज उनसे उच्च नैतिक मूल्यों की अपेक्षा रखता है। उन्होंने कहा कि न्याय की गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए बार काउंसिल द्वारा निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन करना प्रत्येक अधिवक्ता का परम कर्तव्य है।

सचिव ने अधिनियम की धारा 49 का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि वकालत केवल एक पेशा नहीं बल्कि एक पवित्र दायित्व है, जिसमें मुवक्किल के प्रति निष्ठा, न्यायालय के प्रति सम्मान और साथ ही अधिवक्ताओं के प्रति शिष्टाचार तीनों का संतुलन आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अधिवक्ता स्वयं अनुशासित और मर्यादित रहेंगे तो आम जनता का न्यायपालिका पर विश्वास और अधिक प्रगाढ़ होगा। बैठक में न्यायालय की गरिमा बनाए रखने, न्याय प्रणाली के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा मुवक्किल के हितों की रक्षा और उनकी गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही अधिवक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण और पेशेवर संबंध बनाए रखने की भी सलाह दी गई। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवध किशोर सिंह तथा सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य उपस्थित अधिवक्ताओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव के विचारों से पूर्ण सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि नैतिक आचरण ही एक अधिवक्ता की वास्तविक पहचान है। सभी अधिवक्ताओं ने इस सत्र की सराहना की और माना कि इस प्रकार के आयोजनों से न्यायिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। मौके पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा सचिव सहित कई वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता मौजूद थे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।