सहयोग शिविर में गांवों में पहुंचेगी सरकार, 30 दिन में होगा समस्याओं का समाधान
सहयोग शिविर में गांवों में पहुंचेगी सरकार, 30 दिन में होगा समस्याओं का समाधानसहयोग शिविर में गांवों में सरकार, 30 दिन में

सहयोग शिविर में गांवों में पहुंचेगी सरकार, 30 दिन में होगा समस्याओं का समाधान सीतामढ़ी। जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर की शुरुआत होगी। माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा के आलोक में “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रभारी जिलाधिकारी संजीव कुमार ने सोमवार को शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता होगी। अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में शिविरों के आयोजन की निगरानी का निर्देश दिया गया है。
30 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित :
जिला प्रशासन के अनुसार 19 मई को जिले के विभिन्न प्रखंडों की 30 पंचायतों में सहयोग शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए पंचायत सरकार भवन अथवा निकटवर्ती सार्वजनिक स्थलों को चयनित किया गया है। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा। शिविर के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर सहयोग सेल का गठन किया गया है तथा 40 नोडल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अनुमंडल स्तर पर एसडीओ तथा प्रखंड स्तर पर बीडीओ और सीओ को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों के काउंटर और स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोग अपनी शिकायतें एवं आवेदन दे सकेंगे।
इन विषयों पर होगी सुनवाई :
प्रशासन ने बताया कि राशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित शिकायतों की सुनवाई शिविर में की जाएगी। किसी भी सरकारी योजना से संबंधित समस्या, शिकायत अथवा सुझाव भी लोग दे सकेंगे।
जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश :
प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ और अंचल अधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, बल्कि अधिकारी स्वयं पंचायत स्तर पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करेंगे।
सहयोग पोर्टल पर करें ऑनलाइन परिवाद दर्ज :
जिला प्रशासन ने बताया कि सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी के लिए नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया गया है। जिस पर सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक संपर्क किया जा सकता है। वहीं लोग सहयोग पोर्टल पर भी ऑनलाइन परिवाद दर्ज करा सकते हैं।
30 दिन पूर्व भी लिया जाएगा आवेदन :
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि निर्धारित शिविर तिथि से 30 दिन पूर्व ही आवेदन लेने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संबंधित प्रखंड कार्यालयों में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर आम लोगों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। शिविर स्थल पर भी मौके पर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


