मिड-डे-मील में अनियमितता पर पांच प्रधानाध्यापकों पर लाखों का जुर्माना

Feb 27, 2026 12:35 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
share Share
Follow Us on

सीतामढ़ी में मध्याह्न भोजन योजना में फर्जी उपस्थिति के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शिक्षा विभाग ने पांच स्कूलों के प्रधानाध्यापकों पर कुल 5,50,758 रुपये का आर्थिक दंड लगाया है। जांच में पता चला कि वास्तविक उपस्थिति से अधिक बच्चों की संख्या दर्शाकर राशि निकाली गई। कार्रवाई के तहत दंड राशि सात दिनों के भीतर जमा करने का निर्देश दिया गया है।

मिड-डे-मील में अनियमितता पर पांच प्रधानाध्यापकों पर लाखों का जुर्माना

सीतामढ़ी। जिले के स्कूलों में संचालित में मध्याह्न भोजन योजना में फर्जी उपस्थिति दर्ज कर राशि निकासी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार सामने आ रहे मामले में हो रही कार्रवाई के बावजूद कतिपय हठधर्मी प्रधानाध्यापक अपने कारनामों से बाज नहीं आ रहे है। ऐसे मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। स्थापना-सह-एमडीएम डीपीओ मनीष कुमार सिंह ने विभिन्न प्रखंडों के पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों पर 5 लाख 50 हजार 758 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। उन्होंने कहा है कि प्राप्त जांच प्रतिवेदन में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित विद्यालयों में वास्तविक उपस्थिति से अधिक बच्चों की संख्या दर्शाकर मध्याह्न भोजन मद की राशि की अधिक निकासी की गई।

इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए विभागीय प्रावधान के आलोक में कार्रवाई की गई है। डीपीओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार बाजपट्टी प्रखंड के मवि मुरौल के प्रधानाध्यापक पर 56,141 रुपये, नानपुर प्रखंड के मवि मोहनी पर 30,620 रूपये, मेजरगंज प्रखंड के मवि मेजरगंज पर 85,825 रूपये, बथनाहा प्रखंड के मवि कोईली पर 2,63,282 रूपये तथा बैरगनिया प्रखंड के मवि चकवा के प्रधानाध्यापक पर 1,14,863 रूपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्ति के सात दिनों के भीतर अधिरोपित अर्थदंड की राशि बिहार राज्य मध्याह्न भोजन योजना समिति, सीतामढ़ी के नाम से डिमांड ड्राफ्ट या निर्धारित बैंक खाते में नेफ्ट के माध्यम से जमा कर कार्यालय को साक्ष्य उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर राशि जमा नहीं करने पर संबंधित राशि प्रधानाध्यापक के वेतन से वसूली की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।