Sitamarhi News: नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी,बाढ़ का खतरा नहीं
Sitamarhi News: सीतामढ़ी में प्रमुख नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। बागमती नदी का स्तर बढ़ा है लेकिन खतरे के निशान से नीचे है। अधवारा समूह की नदियाँ सामान्य स्थिति में हैं। जल संसाधन विभाग अलर्ट है और प्रशासन ने किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के लिए तैयारी की है। तटवर्ती क्षेत्रों में राहत की स्थिति है।

Sitamarhi News: सीतामढ़ी। जिले से होकर गुजरने वाली प्रमुख नदियों के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
जलस्तर में वृद्धि
बागमती नदी के जलस्तर में गुरुवार को कुछ वृद्धि दर्ज की गई। लेकिन जिले के सभी गेज स्थलों पर नदी अब भी खतरे के निशान से नीचे बह रही है। वहीं अधवारा समूह की सभी नदियों का जलस्तर भी सामान्य स्थिति में है और कहीं से भी बाढ़ जैसी परिस्थिति नहीं बनी है। जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता शिवम कुमार मृत्यजंय के अनुसार नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे रहने के कारण सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रशासन की तैयारी
विभाग की ओर से तटबंधों की लगातार निगरानी कराई जा रही है और संवेदनशील स्थलों पर अभियंताओं व कर्मियों को अलर्ट रखा गया है। वर्तमान स्थिति में जिले में बाढ़ की कोई आशंका नहीं है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी पूरी तरह मुस्तैद है। संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन, नाव, राहत सामग्री तथा संबंधित अधिकारियों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल नदियों की स्थिति सामान्य होने से तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली है。


