
विरोध के बाद हरकत में प्रशासन, तेजी से कराई जा रही जलनिकासी
सीतामढ़ी में बारिश थमने के बावजूद जलजमाव की समस्या बनी हुई है। नगर निगम प्रशासन ने जल निकासी के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। कोट बाजार, गौशाला चौक, और पुनौरा रोड जैसे क्षेत्रों में पानी निकाला जा...
सीतामढ़ी, सीतामढ़ी प्रतिनिधि। बारिश थमने के बावजूद शहर के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या बनी हुई है। कोट बाजार, गौशाला चौक, रिंग बांध रोड, पुनौरा रोड और मुख्य बाजार के निचले हिस्सों में अब भी पानी जमा है। लोगों के आक्रोश और प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया है। मंगलवार देर शाम नगर आयुक्त गजेंद्र प्रसाद सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। नगर आयुक्त ने कहा कि जल निकासी कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। निगम के पास उपलब्ध सभी संसाधनों जेसीबी, पंप सेट और ह्यूमन पाइप का उपयोग कर प्रभावित इलाकों से पानी निकाला जा रहा है।

गौशाला चौक, रिंग बांध रोड, पुनौरा रोड, मेहसौल बाजार, राघोपुर रोड सहित दर्जनों वार्डों में टीम तैनात कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में जलजमाव सबसे अधिक है, वहां रात में भी पंप सेट लगाकर पानी की निकासी की जा रही है। स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम के अधूरे कार्य स्थलों पर नगर आयुक्त ने जेसीबी के माध्यम से नई पाइप डालकर तत्काल निकासी शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अधूरे निर्माण कार्य के कारण कई जगह पानी रुका हुआ है, जिसे प्राथमिकता से हटाया जाएगा। निगम इंजीनियरों को आदेश दिया गया है कि जहां भी नाले जाम हैं या पाइपलाइन अधूरी है, वहां अस्थायी पाइपलाइन डालकर तुरंत पानी बहाने की व्यवस्था करें। विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासन सतर्क : सोमवार और मंगलवार को विभिन्न इलाकों में हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद नगर निगम ने स्थिति पर गंभीरता से संज्ञान लिया है। गौशाला चौक और रिंग बांध इलाके में लोगों ने जल निकासी की धीमी रफ्तार को लेकर सड़क जाम किया था। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे क्षेत्रों में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जाए ताकि जनता को और परेशानी न हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




